SGSU Advertisement
Home धर्म अदाणी समूह के समर्थन से बीएचयू ने बनारस बिएनाले में छात्रों की...

अदाणी समूह के समर्थन से बीएचयू ने बनारस बिएनाले में छात्रों की 800 कलाकृतियां प्रदर्शित कीं

0
3

वाराणसी, 29 नवंबर (आईएएनएस)। अदाणी समूह के समर्थन से बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के करीब 500 छात्रों की रचनात्मक कलाकृतियों को बनारस बिएनाले में प्रदर्शित किया जा रहा है। इसमें छात्रों ने प्राचीन शहर बनारस के अतीत, वर्तमान और भविष्य को दर्शाती लगभग 800 कलाकृतियां तैयार की हैं।

अदाणी समूह की नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और बिएनाले की संचालन समिति की सदस्य नम्रता अदाणी की परिकल्पना पर शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य युवा कलाकारों को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे बनारस की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सकें और शहर की बदलती पहचान को लेकर अपने विचारों को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत कर सकें।

इस परियोजना का एक प्रमुख आकर्षण ‘बनारस: एक कल्पना’ – वॉल्यूम 1, 2026 का विमोचन रहा। यह एक विशेष स्मारिका कैटलॉग है, जिसमें छात्रों द्वारा शहर की कलात्मक व्याख्याओं को संकलित किया गया है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में इस प्रकाशन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने शहर की कलात्मक और सभ्यतागत विरासत को संरक्षित करने और उसका उत्सव मनाने में इस पहल के महत्व को रेखांकित किया।

‘टाइम वोवन इन लाइट: पास्ट, प्रेजेंट एंड फ्यूचर ऑफ बनारस’ विषय के तहत तैयार की गई ये कलाकृतियां शहर की परंपराओं, सांस्कृतिक पहचान और समकालीन बदलावों को दर्शाती हैं।

लगभग 300 चयनित कलाकृतियां नमो घाट पर बांस से तैयार एक विशेष इंस्टॉलेशन में एनडीटीवी क्रिएटर्स मंच के साथ प्रदर्शित की जा रही हैं। वहीं, अन्य 100 कलाकृतियां बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में स्टूडेंट एंड फैकल्टी बिएनाले के तहत प्रदर्शित की गई हैं।

इस परियोजना के बारे में बात करते हुए नम्रता अदाणी ने कहा कि इस पहल का विचार बीएचयू के छात्रों के लिए एक सार्थक और दीर्घकालिक अवसर तैयार करने की उनकी इच्छा से आया। उन्होंने बताया कि वे वेनिस बिएनाले जैसे अंतरराष्ट्रीय कला मंचों को रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए देख चुकी हैं।

उन्होंने कहा, “जब मैंने सीआईआई बिएनाले के बारे में सुना, तो मैं इससे जुड़ना चाहती थी। कानपुर में जन्म लेने और पली-बढ़ी होने के कारण मेरा उत्तर प्रदेश से गहरा जुड़ाव है। जब मैं बीएचयू गई, तो मेरे मन में इसके छात्रों के लिए कुछ सार्थक और स्थायी करने का विचार आया। मेरा उद्देश्य उन्हें एक ऐसे मेंटरशिप कार्यक्रम से जोड़ना था, जहां कला के सभी रूपों को तलाशा जा सके।”

यह कार्यक्रम बीएचयू के कुलपति अजीत कुमार चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कलाकार और क्यूरेटर सत्यजीत डेव ने इसकी रचनात्मक दिशा तय करने और कलाकृतियों के चयन की जिम्मेदारी संभाली।

कलाकृतियों का मूल्यांकन और चयन विश्वविद्यालय के दृश्य कला संकाय के सहायक प्रोफेसर आशीष गुप्ता के सहयोग से किया गया।