SGSU Advertisement
Home अपराध पटना में यूट्यूबर का कार्यक्रम रद्द होने पर भड़की भीड़, पथराव में...

पटना में यूट्यूबर का कार्यक्रम रद्द होने पर भड़की भीड़, पथराव में पुलिसकर्मियों समेत कई घायल

0
3

पटना, 29 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में रविवार को एक यूट्यूबर का कार्यक्रम रद्द होने के बाद जमकर हंगामा हुआ। वीरचंद पटेल पथ स्थित मिलर हाई स्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा पहुंचे थे। हालांकि, भारी भीड़ देखकर यूट्यूबर ने कार्यक्रम किए बिना ही आयोजन स्थल छोड़ दिया। इसके बाद नाराज भीड़ उग्र हो गई और पथराव शुरू कर दिया।

घटना में कई पुलिसकर्मियों और आम लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा जुटे थे। आयोजकों की ओर से कार्यक्रम नहीं कराए जाने और बिना कोई सूचना दिए वहां से चले जाने के कारण लोगों में नाराजगी फैल गई। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पथराव और रोड़ेबाजी शुरू कर दी।

इस दौरान मौके पर तोड़फोड़ भी की गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने उपद्रव कर रहे लोगों को वहां से हटाया। फिलहाल इलाके में हालात सामान्य बताए जा रहे हैं। घटना के बाद कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिए जाने की भी सूचना है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी- एक (विधि-व्यवस्था), पटना कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि मिलर हाई स्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा जुटे थे। आयोजकों ने कार्यक्रम नहीं कराया और वहां से चले गए, जिसके बाद लोग उग्र हो गए। उन्होंने कहा कि यदि आयोजकों को कार्यक्रम करना था, तो इसके लिए पहले से समुचित योजना बनानी चाहिए थी और प्रशासन को भी इसकी जानकारी देनी चाहिए थी।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के लिए लोगों को बुलाया गया था, इसलिए आयोजकों को इसे संपन्न कराना चाहिए था। कार्यक्रम नहीं होने के कारण ही यह स्थिति उत्पन्न हुई। अधिकारी के मुताबिक, भीड़ में ज्यादातर कम उम्र के युवा थे, जिन्हें स्थिति की गंभीरता का अंदाजा नहीं था।

इसी दौरान कुछ लोगों ने पथराव और रोड़ेबाजी की। कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया है। घटना में कुछ आम लोगों और पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। घायलों की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि उपद्रव और तोड़फोड़ की घटना की जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

–आईएएनएस

एमएनपी/एमएस