Wednesday, June 17, 2026
SGSU Advertisement
Home खबर मुनाफावसूली से शेयर बाजार में गिरावट

मुनाफावसूली से शेयर बाजार में गिरावट

0
114

नई दिल्ली, 25 जनवरी (आईएएनएस)। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के खुदरा अनुसंधान प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा कि घरेलू शेयरों में मुनाफावसूली का सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहा और मासिक एफएंडओ समाप्ति के दिन एक बार फिर गिरावट आई और अंत में नुकसान की आधी भरपाई हो पाई।

दिन में कारोबार के दौरान निफ्टी 200 अंक से अधिक गिर गया लेकिन दिन के अंत में 101 अंक (- 0.5 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 21,352 पर बंद हुआ। हालांकि व्यापक बाजार में मिला जुला रुख देखा गया। मिडकैप 100 में 0.5 प्रतिशत जबकि स्मॉलकैप 100 में 0.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

आईटी, फार्मा और एफएमसीजी में बिकवाली का दबाव रहा, जबकि तेल एवं गैस, रियल्टी और पीएसयू में खरीददारी देखी गई।

टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक और एचडीएफसी बैंक के कमजोर नतीजों का असर आईटी और निजी बैंकों पर पड़ा।

उन्होंने कहा, जनवरी के महीने में एफआईआई ने जम कर बिकवाली की है और अब तक 30,000 से अधिक की बिक्री कर चुके हैं।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ तकनीकी अनुसंधान विश्लेषक नागराज शेट्टी ने कहा कि निफ्टी का अल्पकालिक रुझान अस्थिर बना हुआ है।

आने वाले सत्रों में बाजार को 21,500-21,600 के स्तर पर मजबूत प्रतिरोध का सामना करना पड़ सकता है।

यहां से किसी भी कमजोरी को निकट अवधि में 21,100-21,000 के स्तर पर समर्थन मिल सकता है।

–आईएएनएस

एसकेपी/