SGSU Advertisement
Home अपराध बिहार : नीतीश सेतु लोकार्पण के बाद सरकारी बैनर-पोस्टर फाड़ने के मामले...

बिहार : नीतीश सेतु लोकार्पण के बाद सरकारी बैनर-पोस्टर फाड़ने के मामले में 10 गिरफ्तार, 11 नामजद

0
1

पटना, 23 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के वैशाली जिले में नीतीश सेतु के लोकार्पण कार्यक्रम के समाप्त होने के बाद सरकारी बैनर और पोस्टर फाड़ने तथा विधि-व्यवस्था भंग करने के मामले में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में 11 नामजद सहित 150 से 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के समाप्त होने के बाद करीब 150 से 200 लोगों ने कथित तौर पर एकत्र होकर नाजायज मजमा बनाया। इसके बाद छह लेन पर लगाए गए सरकारी बैनर और पोस्टर फाड़ दिए गए।

इस दौरान लोगों ने नारेबाजी भी की, जिससे विधि-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हुई। पुलिस ने इसे अमर्यादित आचरण और सरकारी कार्यों के निष्पादन में बाधा उत्पन्न करने का मामला बताया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दंडाधिकारी के बयान पर रुस्तमपुर थाना में कांड संख्या 46/26, दिनांक 21 नवंबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वैशाली के वरीय

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में वैशाली जिले के रुस्तमपुर निवासी धीरज कुमार, प्रमोद कुमार, गौतम कुमार उर्फ सुजीत कुमार, मिर्जापुर के हरेराम राय और सतेन्द्र राय, जफराबाद के राहुल कुमार और विशाल कुमार शामिल हैं।

इसके अलावा नरगमा पहाड़पुर पश्चिम के रवि कुमार, पटना जिले के टेढ़ी पुल निवासी शिवम कुमार और दीदारगंज निवासी अविनाश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, अब तक के अनुसंधान में सामने आया है कि कुछ उपद्रवी तत्वों ने सुनियोजित तरीके से भीड़ जुटाकर सरकारी कार्यों के निष्पादन में बाधा पहुंचाई और कार्यक्रम की गरिमा को भंग करने का प्रयास किया।

इस दौरान एक राजनीतिक दल विशेष के समर्थन में नारेबाजी भी की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले का अनुसंधान जारी है। वीडियो फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उनकी संलिप्तता सामने आने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर भी मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

–आईएएनएस

एमएनपी/एमएस