SGSU Advertisement
Home राजनीति अमिताभ बच्चन को धमकी देने वाले गैंगस्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो:...

अमिताभ बच्चन को धमकी देने वाले गैंगस्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो: संजय निरुपम

0
3

मुंबई, 17 नवंबर (आईएएनएस)। शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम ने बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दिए जाने पर चिंता जताई है। उन्होंने धमकी देने वाले गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों और उसके पूरे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही, निरुपम ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के चर्चित ‘शीश महल’ को आम जनता के लिए खोलने के फैसले का समर्थन किया। इसके अलावा, प्रस्तावित मथुरा मंदिर आंदोलन को लेकर भी उन्होंने अपनी राय रखी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख अपनाने की बात कही।

संजय निरुपम ने कहा कि भारतीय सिनेमा के मेगा स्टार अमिताभ बच्चन को जान से मारने की धमकी मिलना बेहद चौंकाने वाला और दुखद समाचार है। अमिताभ बच्चन से सभी लोग बेहद प्रेम करते हैं और वह किसी का नुकसान नहीं करते। इस उम्र में भी वह लगातार अपना काम और सेवा कर रहे हैं। ऐसे कलाकार और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को भी धमकी दिया जाना गंभीर चिंता का विषय है। धमकी देने वाले गैंगस्टर का नाम गोल्डी ढिल्लों बताया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में शामिल लोगों को पकड़कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि मुंबई और बॉलीवुड के कलाकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को किसी तरह का नुकसान नहीं होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि इस गैंग के दो गुर्गे दिल्ली में पकड़े गए हैं, लेकिन केवल गुर्गों की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं होगी। पूरे गैंगस्टर नेटवर्क को तोड़ना जरूरी है, ताकि बच्चन परिवार सहित बॉलीवुड के अन्य कलाकार भी सुरक्षित रह सकें।

केजरीवाल के ‘शीश महल’ को आम लोगों के लिए खोलने के प्रस्ताव पर निरुपम ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने राजनीति में आने के समय सादगी और आम आदमी की तरह जीवन जीने का वादा किया था। उन्होंने महात्मा गांधी के ‘सादा जीवन उच्च विचार’ के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा था कि वह सरकारी बंगला और सरकारी गाड़ी नहीं लेंगे तथा सत्ता में आने के बाद आम नागरिक की तरह सरकार चलाएंगे। निरुपम ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री बनने के बाद केजरीवाल ने अपने लिए सरकारी आवास विकसित कराया, जिसे ‘शीश महल’ कहा गया।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इसे भाजपा का दुष्प्रचार बताती रही है, लेकिन अब भाजपा की ओर से इस आवास को जनता के दर्शन के लिए खोलने की घोषणा की गई है। दिल्ली के नागरिक वहां जाकर खुद देख सकेंगे कि किस तरह केजरीवाल ने अपने लिए आवास तैयार कराया। उन्होंने इसे आम आदमी पार्टी की राजनीति को उजागर करने का अवसर बताते हुए दिल्ली सरकार को बधाई देने की बात कही।

प्रस्तावित मथुरा मंदिर आंदोलन पर निरुपम ने कहा कि अयोध्या, काशी और मथुरा तीनों धार्मिक स्थल अतीत में विदेशी आक्रांताओं के हमलों का शिकार हुए थे। अयोध्या में लंबी लड़ाई के बाद राम मंदिर बना और काशी में भी विकास कार्य जारी है। उन्होंने मथुरा को इस क्रम का अगला विषय बताते हुए दावा किया कि भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर मंदिर तोड़कर मस्जिद बनाई गई थी।

निरुपम ने कहा कि मथुरा में अयोध्या की तरह भगवान श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर बनाने की मांग लंबे समय से उठती रही है। इसके लिए जल्द आंदोलन शुरू होने और कारसेवा की आवश्यकता पड़ने की संभावना भी उन्होंने जताई। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के संभावित मथुरा दौरे के दौरान उनसे सवाल पूछा जाना चाहिए कि क्या वह अपने पिता की अयोध्या संबंधी भूमिका जैसी गलती मथुरा में भी दोहराएंगे। निरुपम ने अखिलेश के खुद को भगवान श्रीकृष्ण का वंशज बताने पर आपत्ति नहीं जताई, लेकिन उनसे मंदिर निर्माण के समर्थन में आगे आने और कारसेवा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि इस मुद्दे पर पूरा हिंदू समाज उनके साथ खड़ा होने को तैयार है।