नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलीपींस की राजधानी मनीला में 100 साल से अधिक पुराने ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान पहुंचे और इसके पुनर्विकास कार्यों की आधारशिला रखी। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने प्रधानमंत्री के इस कदम की सराहना करते हुए इसे सिख गुरुओं की महान परंपरा, सिख विरासत और सिख समुदाय के प्रति उनके गहरे सम्मान, श्रद्धा और स्नेह का प्रतीक बताया।
भाजपा सांसद तरुण चुघ ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह केवल एक धार्मिक स्थल के पुनर्विकास की पहल नहीं है, बल्कि हमारी गौरवशाली विरासत और सिख गुरुओं के संदेश – ‘मानस की जात सब एको पहचान’ – उस गौरवशाली विरासत के संरक्षण का संकल्प है। प्रधानमंत्री का सिख समुदाय के प्रति सम्मान केवल भारत तक सीमित नहीं है। दुनिया के किसी भी कोने में बसे हुए सिख भाई-बहनों के प्रति उनका स्नेह और संवेदना हमेशा दिखाई देती है।
तरुण चुघ ने कहा कि करतारपुर साहिब कॉरिडोर से लेकर वीर बाल दिवस तक और विदेशों में गुरुद्वारों एवं सिख विरासत के सम्मान से लेकर पूजनीय श्री गुरु ग्रंथ साहिब को अफगानिस्तान से ससम्मान भारत लाने तक, प्रधानमंत्री के प्रयास सिख समुदाय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और सिख गुरुओं की अमर शिक्षाओं के प्रति सम्मान को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक मंच पर सिख विरासत, सिख इतिहास और सिखों के बलिदान को हमेशा सम्मान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किया है। चाहे कनाडा में प्रधानमंत्री का गुरुद्वारा खालसा दीवान का दौरा हो, ईरान में गुरुद्वारे में मत्था टेकना हो या बैंकॉक में गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व पर स्मारक सिक्का जारी करना हो, प्रधानमंत्री ने हर अवसर पर सिख गुरुओं की महान शिक्षाओं और विरासत को गौरव प्रदान किया है। भारत में भी हर गुरु पर्व को पूरी शान और श्रद्धा से मनाकर गुरुओं का आशीर्वाद लेने की परंपरा को प्रधानमंत्री ने आगे बढ़ाया है।
तरुण चुघ ने कहा कि अफगानिस्तान के संकट के समय सिख परिवारों की सुरक्षित घर वापसी और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूपों को पूरे सम्मान के साथ भारत लाने की व्यवस्था की गई। कठिन परिस्थितियों में भी उन्हें सुरक्षित लाया गया।
उन्होंने कहा कि इटली में विश्व युद्धों में भारतीय सिख सैनिकों के योगदान को संरक्षित करने वाले सिख संगठनों से संवाद हो या अमेरिका और न्यूजीलैंड में सिख समुदाय के साथ आत्मीय मुलाकातें हों, प्रधानमंत्री मोदी ने हर अवसर पर सिख समुदाय की सेवा, साहस और बलिदान को दुनिया के सामने रखा और उसे सम्मान दिया है।
चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का मूल मंत्र है – विकास भी और विरासत भी। मनीला के सदी के सबसे पुराने खालसा दीवान गुरुद्वारे का पुनर्विकास उसी सोच का उदाहरण है। अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ इस ऐतिहासिक धर्मस्थल की पहचान और आध्यात्मिक महत्व को सुरक्षित करना, भारतीय संस्कृति और सिख समाज को वैश्विक स्तर पर सम्मान दिलाने का प्रयास है।
वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय सांपला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक बैठक में भाग लेने के लिए गए थे और वहां उन्होंने एक ऐतिहासिक गुरुद्वारा, जो दरबार खालसा के नाम से प्रसिद्ध है, वहां शिरकत की। उस गुरुद्वारे का पुनर्विकास होना है, जिसमें प्रधानमंत्री शामिल हुए। यह दृश्य देखकर ही बहुत अच्छा लगा। यह सद्भावना और समरसता की भावना को दर्शाता है, जिसकी हम बात करते हैं। उसी भावना से वह वहां गए हैं। इसके लिए हम सभी को उनका आभारी होना चाहिए।


