वेलिंग्टन, 19 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट मैच वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व मैदान पर खेला जा रहा है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने 5 विकेट खोकर 243 रन बना लिए हैं। हेनरी निकोल्स ने टेस्ट के पहले दिन बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली। उन्होंने इस शतक के साथ ही केन विलियमसन के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली है।
दरअसल, वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व मैदान पर हेनरी निकोल्स का यह 15 पारियों में 5वां शतक है। वह इस ग्राउंड पर न्यूजीलैंड की ओर से सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने के मामले में संयुक्त रूप से पहले नंबर पर पहुंच गए हैं। निकोल्स की तरह ही विलियमसन ने भी इस मैदान पर 5 शतक लगाए हैं। हालांकि, विलियमसन ने यह मुकाम 30 पारियां खेलकर हासिल किया था। निकोल्स 15 पारियों में 5 सेंचुरी के अलावा, इस ग्राउंड पर 4 अर्धशतक भी लगा चुके हैं।
हेनरी निकोल्स पहले दिन का खेल खत्म होने तक 221 गेंदों में 113 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। वह अपनी इस पारी में 14 चौके लगा चुके हैं। निकोल्स ग्लेन फिलिप्स के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 173 रनों की अटूट साझेदारी निभा चुके हैं। टेस्ट के पहले दिन न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान टॉम लाथम को जसप्रीत बुमराह ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। इसके बाद डेवोन कॉनवे भी 4 रन बनाकर आउट हुए। रचिन रविंद्र 15 रन बनाने के बाद आकाश दीप का शिकार बने।
डेरिल मिचेल सिर्फ एक रन ही बना सके। टॉम ब्लंडेल 5 रन बनाकर आउट हुए। 70 के स्कोर पर 5 विकेट खोकर मुश्किल में फंसी न्यूजीलैंड टीम की पारी को निकोल्स और फिलिप्स ने मिलकर संभाला। दोनों ने मिलकर लगभग दो सेशन में 322 गेंदों का सामना किया और टीम को कोई और झटका नहीं लगने दिया। फिलिप्स 94 रन बनाकर क्रीज पर बने हुए हैं। वह अपनी इस पारी में 13 चौके लगा चुके हैं। भारत की तरफ से गेंदबाजी में बुमराह ने 3 विकेट झटके, जबकि अंशुल कंबोज और आकाश दीप ने एक-एक विकेट निकाला।


