SGSU Advertisement
Home मनोरंजन ‘अभिनय के साथ-साथ वह डांस भी अच्छा करते हैं’, अमिताभ बच्चन ने...

‘अभिनय के साथ-साथ वह डांस भी अच्छा करते हैं’, अमिताभ बच्चन ने धनुष की तारीफ में पढ़े कसीदे

0
3

मुंबई, 19 नवंबर (आईएएनएस)। मेगास्टार अमिताभ बच्चन इन दिनों क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में गेस्ट के तौर पर नजर आ रहे हैं। शो के दौरान उन्होंने अभिनेता धनुष के साथ काम करने के अनुभव को याद किया।

शो के दौरान कंटेस्टेंट साहू ने मेगास्टार से कहा कि वह साउथ सुपरस्टार धनुष के बहुत बड़े फैन हैं, तो उनकी इस बात पर सहमति जताते हुए अमिताभ बच्चन ने कहा कि वो भी धनुष के बहुत बड़े फैन हैं। साथ ही, उन्होंने 2015 की फिल्म ‘शमिताभ’ में एक्टर धनुष के साथ काम करने का अपना अनुभव याद किया।

मेगास्टार अमिताभ कहते हैं, “भाईसाहब आपने कहा आप धनुष जी के बहुत बड़े फैन हैं, आपमें और हममें एक चीज कॉमन है कि हम भी उनके बहुत बड़े फैन हैं। सच बोलूं तो वो अद्भुत कलाकार हैं और आप उनको कोई भी अभिनय करने को बोलिए, वो पूरी तरह उसमें घुस जाते हैं और डांस भी बहुत अच्छा करते हैं। हमने उनके साथ एक फिल्म (शमिताभ) में काम किया था और हमारे लिए बहुत बड़ा सौभाग्य था। उनके बारे में काफी सुना था और काफी जानकारी भी थी लेकिन उनसे मुलाकात हुई और उनके साथ काम किया, उनका काम देखा और सच में वो बहुत ही अद्भुत कलाकार हैं।”

आर. बाल्की द्वारा लिखित और निर्देशित व्यंग्यात्मक ड्रामा फिल्म ‘शमिताभ’ में धनुष एक मूक अभिनेता दानिश की भूमिका में नजर आए थे जबकि मेगास्टार अमिताभ बच्चन अमिताभ सिन्हा के किरदार में थे।

फिल्म की कहानी धनुष के किरदार दानिश के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक गूंगा उभरता हुआ एक्टर है और फिल्म स्टार बनने का सपना देखता है। अमिताभ ने अमिताभ सिन्हा का किरदार निभाया था, जो एक नाकाम एक्टर है लेकिन उसकी आवाज बहुत दमदार है। दोनों एक साथ मिल जाते हैं, अमिताभ अपनी आवाज दानिश को देते हैं और इसी तरह स्क्रीन पर ‘शमिताभ’ की पहचान बनती है।

दिग्गज कंपोजर इलैयाराजा ने फिल्म में संगीत दिया था, जिनमें ‘इश्क-ए-फिल्म’, ‘शा शा शा मि मि मि’, ‘पिडली सी बातें’ और ‘थप्पड़’ जैसे गाने शामिल थे।