SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय कांग्रेस-सपा के बीच सीट बंटवारे पर अजय राय बोले-जहां जो दल मजबूत...

कांग्रेस-सपा के बीच सीट बंटवारे पर अजय राय बोले-जहां जो दल मजबूत होगा, वहीं से लड़ेगा चुनाव

0
2

वाराणसी, 23 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट शेयरिंग को लेकर चल रही बातचीत पर सोमवार को कांग्रेस नेता अजय राय ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह बैठक बहुत महत्वपूर्ण है और इससे सकारात्मक परिणाम निकलेंगे। अजय राय ने दावा किया कि सीटों से ज्यादा कार्यकर्ताओं का सम्मान महत्वपूर्ण है और सभी दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे तो उत्तर प्रदेश में इंडी गठबंधन की सरकार बनेगी और भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से हटाया जाएगा।

अजय राय ने कहा, “मुझे विश्वास है कि इंडी गठबंधन और मजबूत होगा और आगे चलकर उत्तर प्रदेश में हमारी सरकार बनेगी।” उन्होंने कहा कि हिस्सेदारी से अधिक महत्वपूर्ण कार्यकर्ताओं का सम्मान है। जो लोग हमारे साथ मजबूती से खड़े हैं, उन सभी को मैदान में आना चाहिए।

कांग्रेस नेता अजय राय ने कहा कि कांग्रेस कितनी सीटों पर लड़ने की स्थिति में है, यह तो बैठकर तय होगा। सभी दल मिलकर फार्मूला तय करेंगे कि किस क्षेत्र में कौन मजबूत है। आज के समय में सहारनपुर हो, अमरोहा हो, कानपुर हो, मुरादाबाद हो, गाजियाबाद हो, नोएडा हो, झांसी हो, बुलंदशहर हो या वाराणसी, हर जगह कांग्रेस की मौजूदगी है। वाराणसी तो स्वयं प्रधानमंत्री मोदी का क्षेत्र है। ये वीवीआईपी सीट है।

उन्होंने कहा कि मैं समझता हूं कि वाराणसी में भी कांग्रेस मजबूत है। कांग्रेस सभी को साथ लेकर चलती है। कल समाजवादी पार्टी के लोगों ने मुलायम सिंह यादव की जयंती मनाई। हम सब उसमें शामिल हुए और अपनी सहभागिता दी। निश्चित रूप से हम सब मिलकर चुनाव लड़ेंगे और इस बार इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। भाजपा को सत्ता से हटाया जाएगा।

कांग्रेस नेता ने कहा कि रणनीति यही थी कि हम सब मिलकर लड़ेंगे। इसका परिणाम भी आप देख सकते हैं। वाराणसी में हमारे एमएलसी जीते और पूरे प्रदेश में समाजवादी पार्टी के पांच-पांच एमएलसी जीते। जहां-जहां यह महसूस हुआ कि मिलकर लड़ना चाहिए, वहां कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भी पूरा सहयोग दिया।

भविष्य में समझौते की संभावना को लेकर उन्होंने कहा कि इस पर राष्ट्रीय नेतृत्व निर्णय लेगा। मैं पहले भी यही कहता था और आज भी यही कहता हू। सभी वरिष्ठ नेताओं का सम्मान होना चाहिए। आज कांग्रेस पूरे प्रदेश और देश में मजबूती से आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान के परिणाम आप देख सकते हैं। आने वाले चुनावों में चाहे गोवा हो, मणिपुर हो, उत्तर प्रदेश हो या उत्तराखंड, हर जगह हमारी ताकत बढ़ रही है। जहां-जहां गठबंधन होगा, हम मिलकर चुनाव लड़ेंगे और निश्चित रूप से हमारी ताकत बढ़ रही है। कार्यकर्ताओं का सम्मान भी बढ़ा है और आगे भी बढ़ेगा।

राहुल गांधी की भूमिका को लेकर अजय राय ने कहा कि उन्होंने पूरे देश के मुद्दे उठाए हैं। उन्होंने आम आदमी की बात की, किसानों की बात की, जातिगत जनगणना की बात की और संविधान की रक्षा की बात की। संविधान की रक्षा का मतलब है कि हिंदू, मुसलमान, सिख, ईसाई सहित सभी समुदायों के अधिकारों की रक्षा हो। मुझे लगता है कि उन्हें सभी वर्गों का प्रेम और समर्थन मिला है। इसमें राहुल गांधी की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। मैंने स्वयं उनसे अनुरोध किया था कि वाराणसी में भी कार्यक्रम किया जाए। उनका देशव्यापी प्रभाव लगातार बढ़ रहा है।