SGSU Advertisement
Home राजनीति सपा-कांग्रेस का गठबंधन ‘ठगबंधन’, दोनों दलों के बीच कोई तालमेल नहीं: भाजपा...

सपा-कांग्रेस का गठबंधन ‘ठगबंधन’, दोनों दलों के बीच कोई तालमेल नहीं: भाजपा नेता रोहन गुप्ता

0
3

अहमदाबाद, 23 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रोहन गुप्ता ने उत्तर प्रदेश की राजनीति, परिसीमन, भारत की वैश्विक ताकत, ईंधन की कीमतों और भारत-नेपाल संबंधों सहित कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ की गई टिप्पणियों को लेकर उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आगे बढ़ने के साथ इन दलों की राजनीति और उनके बयानों की सच्चाई जनता के सामने आएगी। कांग्रेस और सपा के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत पर तंज कसते हुए उन्होंने दोनों दलों के गठबंधन को ठगबंधन बताया। वहीं, परिसीमन की आलोचना करने वाले कांग्रेस नेता शशि थरूर पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष महिलाओं को अधिकार देने और दक्षिण भारतीय राज्यों के हित सुरक्षित करने वाले मुद्दे पर भी राजनीति कर रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ की गई टिप्पणियों पर रोहन गुप्ता ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ेंगे, सपा और कांग्रेस की नफरत की राजनीति जनता के सामने आने लगेगी। उन्होंने कहा कि दोनों दल तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं और जब भी इस राजनीति पर सवाल उठाए जाते हैं, तब जहरीली भाषा के जरिए नफरत फैलाने का प्रयास किया जाता है। चाहे कोई मौलाना हो या किसी अन्य पार्टी का नेता, इस तरह की बयानबाजी स्वीकार नहीं की जा सकती।

भाजपा नेता ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता जानती है कि उसके हित कहां सुरक्षित हैं। योगी आदित्यनाथ या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देने से जनता का फैसला नहीं बदलने वाला है। प्रदेश के लोग यह समझते हैं कि उनकी बेहतरी के लिए कौन काम कर रहा है और किसकी राजनीति केवल बयानबाजी तक सीमित है।

लोवी एशिया पावर इंडेक्स को लेकर रोहन गुप्ता ने कहा कि यह भारत की बढ़ती ताकत का बड़ा प्रमाण है। वैश्विक संकटों के बीच भारत की मजबूती और परिस्थितियों को सहन करने की क्षमता भी उसकी बढ़ती शक्ति को दर्शाती है। पावर इंडेक्स में भारत तीसरे स्थान पर पहुंचा है और यह देश की प्रगति का संकेत है। उन्होंने कहा कि भारत की उपलब्धियां किसी एक व्यक्ति की मेहनत का परिणाम नहीं हैं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के परिश्रम, विश्वास और उत्साह का नतीजा हैं। प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व इस प्रगति को दिशा दे रहा है। भारत की आर्थिक विकास दर 7 से 7.5 प्रतिशत के आसपास रहने, अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने और तेल की कीमतों को नियंत्रित रखने की दिशा में सरकार काम कर रही है। सरकार की कोशिश है कि विकास की गति बनी रहे और आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।

कांग्रेस नेता शशि थरूर की ओर से परिसीमन की आलोचना किए जाने पर रोहन गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस की भविष्यवाणियां पहले भी गलत साबित होती रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि महिलाओं को अधिकार मिलने के मुद्दे पर कांग्रेस को आपत्ति क्यों है। परिसीमन से महिलाओं को अधिक प्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा और सीटों की संख्या बढ़ने से दक्षिण भारतीय राज्यों के अधिकार भी सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी संसद में विपक्ष को इस मुद्दे का श्रेय लेने की बात भी कह चुके हैं। ऐसे में विपक्ष को तकनीकी सवालों में उलझने के बजाय देश और महिलाओं के हित में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। यह किसी एक पार्टी की उपलब्धि का सवाल नहीं, बल्कि देश की बेहतरी और महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़ा विषय है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि ऐसे मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय सरकार के साथ खड़ा हो।

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और सपा के बीच सीट बंटवारे की बातचीत पर रोहन गुप्ता ने कहा कि इन दोनों दलों के बीच तालमेल की कमी से प्रदेश की जनता परेशान है। उन्होंने सपा के चुनाव चिह्न साइकिल का उदाहरण देते हुए कहा कि उसके दोनों पहिए अलग-अलग दिशाओं में चल रहे हैं। एक तरफ सपा का एक धड़ा राम मंदिर जाकर प्रायश्चित की बात कर रहा है, जबकि दूसरा धड़ा तुष्टिकरण की राजनीति के कारण वहां जाने को तैयार नहीं है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा के बीच की विचारधारा और राजनीतिक दृष्टिकोण को लेकर विरोधाभास है। चुनाव के समय हिंदू बनने का दिखावा किया जाता है, जबकि दूसरी ओर तुष्टिकरण की राजनीति भी जारी रहती है। जनता को मजबूत विपक्ष चाहिए, लेकिन केवल गठबंधन कर लेने से जनता का विश्वास हासिल नहीं किया जा सकता। गठबंधन के मुद्दे, उसका अतीत और उसकी मजबूती भी मायने रखते हैं। सीटों के बंटवारे के बाद दोनों दलों के बीच खींचतान देखने को मिल सकती है और अखिलेश यादव फिर कांग्रेस पर सवाल उठा सकते हैं।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के ईंधन की कीमतों से जुड़े बयान पर रोहन गुप्ता ने कहा कि दुनिया में तेल की कीमतें बढ़ी हैं, लेकिन भारत में कीमतों को नियंत्रित रखना सरकार की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि भारत अपनी जरूरत का करीब 87 प्रतिशत कच्चा तेल आयात करता है। इसके बावजूद सरकार ने अपनी नीतियों के माध्यम से आम लोगों को राहत देने का प्रयास किया है। उन्होंने तेल के स्रोतों में विविधता लाने, एलपीजी पर निर्भरता कम करने, आपूर्ति को नियंत्रित करने और नए देशों से तेल आयात करने जैसे कदमों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि घरेलू उत्पादन को बढ़ाने की दिशा में भी काम हुआ है। विपक्ष के कुछ नेता आर्थिक सुनामी आने की आशंका जता रहे थे, लेकिन सरकार की नीतियों और जनता के सहयोग से देश ने चुनौतियों का सामना किया।

प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह द्वारा सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किए जाने पर रोहन गुप्ता ने कहा कि भारत अपने पड़ोसी देशों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि द्विपक्षीय संबंधों के मुद्दे पर विपक्ष कई बार सवाल उठाता है, लेकिन सरकार इस विषय को संवेदनशीलता से देखती है। कार्यक्रम के दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच की केमिस्ट्री सराहनीय थी। भारत अपने पड़ोसी देशों के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझता है और जरूरत पड़ने पर मित्र देशों की सहायता करने के लिए तैयार रहता है। एशिया में शांति और वैश्विक प्रगति के लिए भारत अपनी भूमिका निभाता रहेगा।