SGSU Advertisement
Home अपराध दिल्ली: नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़,...

दिल्ली: नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

0
2

नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली की द्वारका साइबर टीम ने नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में साइबर टीम ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एचआर विभाग की दो महिला कर्मचारियों को बीएनएस की धारा 35(3) के तहत पाबंद किया गया है।

मुख्य आरोपी की पहचान सर्वेश कुमार के रूप में हुई है। वहीं एचआर विभाग की दो कर्मचारियों में निरुपमा कुमारी उर्फ माही और कंचन छाबड़ा शामिल हैं।

दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने रविवार को कहा कि द्वारका जिला पुलिस साइबर धोखाधड़ी और साइबर अपराध के प्रति ‘जीरो-टॉलरेंस’ (सख्त) नीति अपनाती है। पुलिस का मुख्य जोर त्वरित जांच, अपराधियों की पहचान, ठगी गई रकम की रिकवरी और लोगों को जागरूक करने पर रहता है। नौकरी दिलाने के नाम पर चल रहे एक संगठित ठगी रैकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टीम ने द्वारका मोड़ के पास पटेल गार्डन से चल रहे एक फर्जी ‘जॉब प्लेसमेंट’ ऑफिस का पर्दाफाश किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बेरोजगार लोगों को नौकरी देने का झांसा दिया और उनसे रजिस्ट्रेशन फीस व यूनिफॉर्म के नाम पर पैसे वसूले, जबकि बदले में उन्हें न तो कोई नौकरी दी गई और न ही कोई यूनिफॉर्म।

साइबर टीम ने यह कार्रवाई 23 अक्टूबर को दर्ज की गई एफआईआर के आधार पर की। अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान मौके पर 34 वर्षीय सर्वेश कुमार मौजूद मिला। उसने बताया कि वही इस ऑफिस को चला रहा था और यहां की सभी गतिविधियों का प्रबंधन कर रहा था।

जांच के दौरान पता चला कि इस कार्यालय ने दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर पर्चे चिपकाकर नौकरी के अवसरों का विज्ञापन दिया था। इच्छुक उम्मीदवारों ने पर्चों पर दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया और उन्हें इंटरव्यू के लिए कार्यालय बुलाया गया।

कार्यालय में, एचआर स्टाफ की सदस्य निरुपमा कुमारी उर्फ ​​माही और कंचन छाबड़ा ने कथित तौर पर इंटरव्यू लिए और हर उम्मीदवार से रजिस्ट्रेशन फीस व यूनिफॉर्म के नाम पर पैसे लिए। पैसे लेने के बाद उम्मीदवारों को जल्द ही नौकरी शुरू होने का भरोसा देकर वापस भेज दिया जाता था। हालांकि, उम्मीदवारों को न तो यूनिफॉर्म दी गई और न ही कोई नौकरी मिली।

जब उम्मीदवारों ने नौकरी के लिए बार-बार दफ्तर से संपर्क करने की कोशिश की, तो कथित तौर पर उनके मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिए गए। पूछताछ के दौरान यह भी पता चला कि हर दिन लगभग 10-15 उम्मीदवार दफ्तर आते थे।

जांच के दौरान मुख्य आरोपी सर्वेश कुमार ने उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, डीसीबी बैंक, इक्विटास बैंक और बंधन बैंक में मौजूद अपने चार बैंक खातों के बारे में जानकारी दी। इन खातों की जांच करने पर पता चला कि इनसे कई साइबर अपराध जुड़े हुए हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि ये खाते साइबर धोखाधड़ी के लेन-देन में शामिल हो सकते हैं।

उचित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए मुख्य आरोपी सर्वेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच के दौरान निरुपमा कुमारी उर्फ ​​माही और कंचन छाबड़ा से पूछताछ की गई। दोनों ने कथित जॉब फ्रॉड में अपनी भूमिका स्वीकार की। चूंकि उस चरण में उनकी गिरफ्तारी जरूरी नहीं समझी गई, इसलिए उन्हें बीएनएस की धारा 35(3) के तहत पाबंद किया गया।