नई दिल्ली, 18 नवंबर (आईएएनएस)। द्वारका जिले के बाबा हरिदास नगर थाना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3.032 किलोग्राम गांजा, चांदी के आभूषण और 59 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी को भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 30 वर्षीय नवीन के रूप में हुई है। आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, द्वारका जिले के डीसीपी आईपीएस कुशल पाल सिंह के निर्देश पर तथा नजफगढ़ सब-डिवीजन के एसीपी राज कुमार की देखरेख में नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। बाबा हरिदास नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अजय कुमार के नेतृत्व में गठित टीम में एसआई ध्यानेंद्र प्रताप, हेड कांस्टेबल दिनेश, हेड कांस्टेबल अमित और कांस्टेबल राजेश भाटी शामिल थे। टीम को इलाके में निगरानी बढ़ाने और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
पुलिस के अनुसार टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मी दिल्ली के नजफगढ़ स्थित बंगाली क्लिनिक के पास गुप्ता मार्केट वाली गली में पहुंचे। वहां एक व्यक्ति स्कूटी पर सफेद प्लास्टिक का थैला लेकर जाता दिखाई दिया। संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान थैले से 3.032 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा एक अन्य थैले से चांदी के आभूषण और 59 हजार रुपये नकद मिले।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान नवीन पुत्र महावीर, निवासी इंदिरा मार्केट, नई अनाज मंडी, नजफगढ़, दिल्ली के रूप में बताई। इसके बाद बाबा हरिदास नगर थाने में एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2019 से 2025 के बीच एनडीपीएस एक्ट और दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत चार मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब गांजे की आपूर्ति के स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि नशा मुक्त दिल्ली अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


