Monday, June 8, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल फीबा ​​3×3 वर्ल्ड कप: पुरुषों में लातविया चैंपियन, महिलाओं में यूएसए ने...

फीबा ​​3×3 वर्ल्ड कप: पुरुषों में लातविया चैंपियन, महिलाओं में यूएसए ने जीता खिताब

0
1

वारसॉ (पोलैंड), 8 जून (आईएएनएस)। फीबा ​​3×3 वर्ल्ड कप में लातविया की पुरुष टीम, जबकि अमेरिका की महिला टीम ने खिताब अपने नाम किए। यह मुकाबले पोलैंड के वारसॉ में खेले गए।

लातविया ने पुरुषों के फाइनल में जर्मनी को 20-15 से शिकस्त देकर अपना पहला 3×3 वर्ल्ड कप खिताब जीता। इस जीत के साथ लातविया प्रमुख अंतरराष्ट्रीय सम्मानों का संग्रह पूरा करने वाली पहली पुरुष टीम बन गई। इस टीम ने 2020 टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड और यूरोपीय कप 2017 अपने नाम किया था। सर्बिया ने फ्रांस को 20-19 से हराकर कांस्य पदक जीता।

महिलाओं के मुकाबले में, अमेरिका ने फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 21-20 से मात दी। मिकायला विलियम्स ने विजयी बास्केट किया, जिन्हें टूर्नामेंट का मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (एमवीपी) चुना गया। यह जीत अमेरिकी महिलाओं के लिए चौथा 3×3 वर्ल्ड कप खिताब था। इससे पहले टीम ने साल 2012, 2014 और 2023 में खिताबी जीत हासिल की थी, जबकि ऑस्ट्रेलिया पहली बार महिला फाइनल में पहुंचा था। नीदरलैंड ने अजरबैजान पर 21-14 से जीत के साथ ब्रॉन्ज अपने नाम किया।

7 दिनों तक चले इस टूर्नामेंट में दुनियाभर की 40 टीमों ने हिस्सा लिया और 1,00,000 से अधिक दर्शक इसे देखने पहुंचे।

शुरुआती टूर्नामेंट, जिसका नाम मूल रूप से फीबा ​​3×3 वर्ल्ड चैंपियनशिप था, अगस्त 2012 में एथेंस (ग्रीस) में आयोजित किया गया था। पहले संस्करण में एक मिक्स्ड इवेंट था, जिसमें प्रत्येक टीम में 2 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल थीं, लेकिन अब उसे बंद कर दिया गया है। अब टूर्नामेंट में सिर्फ दो ही इवेंट होते हैं: एक पुरुषों के लिए और दूसरा महिलाओं के लिए।

सर्बिया पुरुषों के मुकाबले में सबसे सफल देश है, जिसने 6 गोल्ड, 1 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज पदक जीते हैं, जबकि अमेरिका 1 गोल्ड और 2 सिल्वर के साथ दूसरे स्थान पर है। लातविया, कतर और ओमान फीबा ​​3×3 वर्ल्ड कप में गोल्ड जीतने वाले अन्य देश हैं।

अब तक इस प्रतियोगिता के 10 संस्करण खेले जा चुके हैं। विमेंस फीबा ​​3×3 वर्ल्ड कप में अमेरिका सबसे सफल देश है। यूएसए ने चार बार खिताब जीता है, जबकि एक बार तीसरा स्थान हासिल किया। फ्रांस, रूस, चीन, नीदरलैंड, चेक गणराज्य और इटली ने भी यह खिताब जीता है।