SGSU Advertisement
Home अपराध पश्चिम बंगाल: दुर्गापुर में थाने के लॉकअप की टूटी खिड़की से फरार...

पश्चिम बंगाल: दुर्गापुर में थाने के लॉकअप की टूटी खिड़की से फरार हुआ कार चोरी का आरोपी

0
2

कोलकाता, 22 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर में कार चोरी के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी पुलिस थाने के लॉकअप से फरार हो गया। आरोपी थाने के शौचालय की टूटी खिड़की से भाग निकला। घटना शनिवार रात को दुर्गापुर के कोक ओवन पुलिस थाने में हुई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

आरोपी के पुलिस हिरासत से फरार होने की घटना ने थाने की सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश में अभियान शुरू कर दिया है।

आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त प्रणव कुमार ने रविवार को कहा कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। यदि किसी पुलिस अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, “इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। यदि किसी पुलिस अधिकारी की लापरवाही पाई जाती है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।”

पुलिस के अनुसार, आरोपी मनोज चक्रवर्ती को चार पहिया वाहन चोरी के मामले में बिहार से गिरफ्तार किया गया था। उसे शनिवार सुबह दुर्गापुर लाया गया। बाद में अदालत के आदेश पर उसे कोक ओवन पुलिस थाने में पुलिस हिरासत में रखा गया था।

बताया गया कि शनिवार रात आरोपी थाने के लॉकअप के शौचालय की टूटी खिड़की से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही थाने में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस थाने की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल उठ रहे हैं। यह जांच की जा रही है कि लॉकअप में आरोपी की निगरानी कैसे की जा रही थी, शौचालय की खिड़की टूटी होने के बावजूद उसकी मरम्मत क्यों नहीं कराई गई और पुलिसकर्मियों की सतर्कता में कोई कमी तो नहीं रही।

अदालत के आदेश पर पुलिस हिरासत में रखे गए आरोपी के थाने से फरार होने की घटना ने पुलिस महकमे में भी हलचल पैदा कर दी है। पुलिस आरोपी को दोबारा गिरफ्तार करने के लिए तलाश कर रही है। साथ ही, घटना के कारणों और सुरक्षा में संभावित चूक की भी जांच की जा रही है।