SGSU Advertisement
Home अपराध गुजरात: फर्जी पुलिसकर्मी बनकर वरिष्ठ नागरिकों से लूटपाट करने वाला आरोपी गिरफ्तार

गुजरात: फर्जी पुलिसकर्मी बनकर वरिष्ठ नागरिकों से लूटपाट करने वाला आरोपी गिरफ्तार

0
1

अहमदाबाद, 21 नवंबर (आईएएनएस)। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच, गुजरात पुलिस ने अधिकारी बनकर वरिष्ठ नागरिकों को डरा-धमकाकर पैसे वसूलने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसे शाहरकोटदा इलाके में हुई 9,000 रुपए की लूट के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में शनिवार को अधिकारियों ने जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि 32 वर्षीय आरोपी ने शहर भर में चोरी और जबरन वसूली के कई अन्य मामलों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपी की पहचान मोहम्मद शाहरुख अंसारी के रूप में हुई है, जो रखियाल इलाके में माछी बाजार के पास प्रभावती नी चाली का निवासी है। उसका साथी सरफराज उर्फ ​​बड़ी मलाई मिर्जा, जो रखियाल के जेठालाल कुम्भार नी चाली का निवासी है, फरार है।

यह मामला 7 नवंबर का है, जब 60 वर्षीय मनीष कुमार जानी और उनके दोस्त महेंद्रभाई पोमाला शाहरकोटदा इलाके में महावीर एंड संस नामक दुकान के बाहर बने चबूतरे पर रात करीब 12:30 बजे बैठे थे। शाहरुख और सरफराज नाम के दो व्यक्ति एक ऑटो रिक्शा में आए और खुद को पुलिसकर्मी बताकर धोखाधड़ी की।

आरोप है कि उन्होंने दोनों वरिष्ठ नागरिकों को धमकाया और उनकी जेब से 9,000 रुपए जबरन छीनकर फरार हो गए।

शाहरकोटदा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज होने के बाद अपराध शाखा ने आरोपियों की तलाश शुरू की। 19 नवंबर को, एक सूचना के आधार पर, एक टीम ने बापुनगर डाकघर के पास शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने कैश, एक मोबाइल फोन और एक ऑटो रिक्शा जब्त किया, जिनका अपराध में इस्तेमाल किया गया था। आरोपी और जब्त की गई वस्तुएं आगे की जांच के लिए शाहरकोटदा पुलिस को सौंपी जा रही हैं।

पूछताछ के दौरान शाहरुख ने अहमदाबाद के विभिन्न हिस्सों में हुई पांच अन्य घटनाओं में अपनी संलिप्तता का खुलासा किया, जिन्हें उसने 21 अक्टूबर को जेल से रिहा होने के बाद अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था।

पुलिस ने बताया कि उसने कुछ अपराधों के संबंध में सरफराज और सिकंदर (रखियाल के राजीव गरीब नगर निवासी) का नाम लिया है। इनमें ओधव ​​में छोटालाल नी चाली के पास एक दुकान के बाहर से पुराने बर्तनों से भरा थैला चुराना और बर्तनों को बेचकर उससे मिली रकम को दोनों आरोपियों के बीच बांटना शामिल है।

उसने एक घटना का भी वर्णन किया जिसमें मणिनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास से एक यात्री को उठाया गया और उसे गोमतीपुर के कालिदास मिल चौराहे पर ले जाकर धमकाकर लगभग 1,000 रुपए लूट लिए गए।

एक अन्य घटना में सिविल अस्पताल के बाहर से एक व्यक्ति को उठाया गया और उसे राजस्थान अस्पताल के पीछे एक गली में ले जाकर लगभग 6,000 रुपए लूट लिए गए। आरोपियों ने नरोदा पाटिया से आगे खड़ी एक ऑटो रिक्शा से स्पीकर और हॉर्न चुराने की बात भी स्वीकार की।

पांचवीं घटना में शाहरुख ने कहा कि उसने, सरफराज और रामोल निवासी रफीक उर्फ ​​रफीक लंगड़ो ने सोनी नी चाली के पास खड़े एक व्यक्ति से लगभग 2,000 रुपस लूट लिए।

क्राइम ब्रांच के मुताबिक शाहरुख के खिलाफ पहले से ही मणिनगर, ओधव और नरोदा पुलिस स्टेशनों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे कालूपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज एक यात्री के पैसे लूटने के मामले में भी गिरफ्तार किया गया था।