Wednesday, August 26, 2026
spot_img
Home Student & Youth हैदराबादः फ्लश टैंक में छिपाकर रखे फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा...

हैदराबादः फ्लश टैंक में छिपाकर रखे फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया नीट अभ्यर्थी

0
27

हैदराबाद, 22 जून (आईएएनएस)। हैदराबाद पुलिस ने नीट री-टेस्ट दे रहे 18 साल के एक उम्मीदवार को नकल करने की कोशिश में पकड़ा है। आरोप है कि उसने परीक्षा केंद्र के वॉशरूम में फ्लश टैंक के अंदर छिपाकर रखे गए मोबाइल फोन का इस्तेमाल करके नकल करने की कोशिश की।

यह घटना रविवार को आदिबतला पुलिस स्टेशन इलाके के अंतर्गत रागनगुडा के एक सरकारी स्कूल में नीट की दोबारा परीक्षा के दौरान हुई। अचमपेट का रहने वाला यह उम्मीदवार जेडपीएचएस, रागनगुडा में बने परीक्षा केंद्र पर पकड़ा गया।

पुलिस ने बताया कि छात्र ने परीक्षा शुरू होने से पहले ही स्कूल परिसर में मोबाइल फोन छिपाकर नकल करने की योजना बनाई थी।

नकल करने की अपनी योजना के तहत छात्र सुबह करीब 7 बजे स्कूल पहुंचा और बाथरूम के वेंटिलेटर में मोबाइल फोन रख दिया। वह वेंटिलेटर तक इसलिए पहुंच पाया, क्योंकि वह स्कूल की बाहरी दीवार से सटा हुआ था। सुबह 11 बजे, वह वॉशरूम में गया और फोन को जिप-लॉक कवर में रखकर फ्लश टैंक में छिपा दिया था।

हालांकि पुलिस की सुरक्षा टीमों ने सुबह 6 बजे और दूसरी बार सुबह 11 बजे पूरे इलाके की अच्छी तरह से तलाशी ली थी और एंट्री गेट पर सभी कैंडिडेट्स की सख्ती से तलाशी भी ली थी, फिर भी शुरुआती जांच में फ्लश टैंक के अंदर छिपाया गया फोन नहीं मिल पाया।

परीक्षा के दौरान आरोपी ने पेट दर्द की शिकायत की और वॉशरूम जाने की इजाज़त मांगी। वॉशरूम, जो पूरे सेंटर के लिए एकमात्र कॉमन सुविधा है, स्कूल की बिल्डिंग से काफी दूर है।

जब इनविजिलेटर ने देखा कि स्टूडेंट टॉयलेट में बहुत ज़्यादा समय बिता रहा है, तो उसने कुछ स्टाफ सदस्यों को उसकी स्थिति का पता लगाने के लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि आरोपी वॉशरूम के अंदर अपने मोबाइल फोन पर जवाब ढूंढते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तुरंत अपराध में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन जब्त कर लिया। डिवाइस की बारीकी से जांच करने पर पता चला कि वह जवाब ढूंढने के लिए गूगल क्रोम का इस्तेमाल कर रहा था और इंस्टाग्राम के अलावा कोई अन्य संबंधित ऐप एक्टिव नहीं था।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और अभी वह पुलिस कस्टडी में है। स्कूल प्रशासन की औपचारिक शिकायत के बाद पुलिस ने तहत मामला दर्ज किया है।