SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय पोंजी घोटाला: सीबीआई रोमानिया से यूक्रेन के भगोड़े को भारत लाई, अब...

पोंजी घोटाला: सीबीआई रोमानिया से यूक्रेन के भगोड़े को भारत लाई, अब ईडी करेगी पूछताछ

0
3

नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर, रोमानिया से यूक्रेन के एक नागरिक के प्रत्यर्पण को सुनिश्चित किया है। यह मामला एक ऐसी पोंजी स्कीम से जुड़ा है, जिसे भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मंजूरी के बिना शुरू किया गया था। इस संबंध में एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने एक बयान में बताया कि ‘रेड नोटिस’ जारी होने के बाद वांछित ओलेक्सांद्र जापिचेंको (यूक्रेनी नागरिक) मंगलवार को मुंबई पहुंचा। उसे वापस लाने के लिए ईडी की एक टीम रोमानिया गई थी। जापिचेंको, ईडी द्वारा ‘प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट’ (पीएमएलए) के तहत दर्ज एक मामले में वांछित था।

सीबीआई के मुताबिक, जापिचेंको और अन्य आरोपियों ने निवेशकों को हर हफ्ते 6 प्रतिशत से 11 प्रतिशत तक का भारी रिटर्न देने का झूठा वादा करके उनसे पैसे ठगे। जांच से पता चला है कि संबंधित कंपनी ‘मल्टी-लेवल मार्केटिंग’ (एमएलएम) पर आधारित एक पोंजी स्कीम चला रही थी। इसने भारतीय रिजर्व बैंक से जरूरी मंजूरी लिए बिना ही निवेशकों से भारी मात्रा में नकद जमा किया था।

यह भी सामने आया है कि निवेशकों से जुटाए गए पैसों को ‘हवाला’ चैनलों के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग किया गया और बाद में इनका इस्तेमाल यूएसडीटी (एक तरह की क्रिप्टोकरेंसी) खरीदने के लिए किया गया।

सीबीआई के बयान के मुताबिक, निवेशकों से जमा किए गए कैश को क्रिप्टोकरेंसी में बदलने में जापिचेंको सीधे तौर पर शामिल था। बड़े पैमाने पर नकद लेनदेन की व्यवस्था करने में उसकी भूमिका से यह साफ होता है कि वह इस कथित मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क में मुख्य व्यक्ति था।

ईडी के अनुरोध पर एनसीबी-नई दिल्ली (सीबीआई) ने इंटरपोल के जरिए जापिचेंको के खिलाफ ‘रेड नोटिस’ जारी करवाया था। रोमानियाई अधिकारियों द्वारा उसका पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के बाद, उनके सामने उसके प्रत्यर्पण का अनुरोध रखा गया।

सीबीआई ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद, रोमानियाई अधिकारियों ने उसे भारत को सौंपने (प्रत्यर्पण) की मंजूरी दे दी। बयान में कहा गया है, “भारत में इंटरपोल के लिए ‘नेशनल सेंट्रल ब्यूरो’ के रूप में, सीबीआई इंटरपोल चैनलों के जरिए मदद पाने के लिए ‘भारतपोल’ के माध्यम से सभी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय करती है। 2019 से अब तक, इंटरपोल चैनलों के जरिए समन्वय करके 280 से अधिक वांछित अपराधियों को सफलतापूर्वक भारत वापस लाया गया है।”