नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान से जुड़े 2021 के कॉर्डेलिया क्रूज ड्रग्स केस को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की उस स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एनआईटी) का नेतृत्व करने वाले पूर्व आईपीएस अधिकारी संजय कुमार सिंह ने खुलासा किया है कि जांच के दौरान आर्यन खान के खिलाफ आरोप साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं मिले थे।
उन्होंने यह भी बताया कि जब एनआईटी ने मामले की जांच अपने हाथ में ली तो उसे पुराने सिरे से जांच शुरू करनी पड़ी थी। संजय सिंह ने अपनी किताब ‘कोड ऑफ ऑनर’ में इस हाई-प्रोफाइल मामले से जुड़े अनुभवों और जांच के दौरान सामने आई कमियों का जिक्र किया है।
आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में संजय सिंह ने कहा, ”यह मामला मेरे करियर के आखिरी दौर में सामने आया था। उस समय मीडिया और आम लोगों के बीच यह सवाल था कि चार्जशीट दाखिल क्यों नहीं की गई। इसलिए हमने पारदर्शिता के साथ मीडिया को पूरी जानकारी देने का फैसला किया। मैंने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा और बताया कि हम चार्जशीट दाखिल क्यों नहीं कर पा रहे हैं। मैंने उस समय साफ किया था कि पर्याप्त सबूत नहीं होने की वजह से चार्जशीट दाखिल नहीं की जा रही है। मामले में कुछ बुनियादी खामियां थीं, जिनकी वजह से संबंधित लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करना संभव नहीं था।”
संजय सिंह ने बताया कि एनआईटी प्रमुख के तौर पर उनकी जिम्मेदारी केवल मामले की जांच करना था। मुंबई एनसीबी जोनल ऑफिस की पहले की टीम ने किस तरह जांच की थी या किसी अधिकारी का आचरण कैसा रहा, यह उनके जांच के दायरे में शामिल नहीं था। इन दूसरे पहलुओं की जांच के लिए अलग से एक कमेटी बनाई गई थी।
उन्होंने कहा, ”मेरा पूरा ध्यान अपनी जांच पर था और मैंने उन दूसरे मामलों को इसमें शामिल नहीं किया। इसके अलावा उठाए गए दूसरे सवालों की जांच के लिए एक अलग कमेटी बनाई गई थी। संभव है कि उस कमेटी ने इन पहलुओं की जांच की हो, लेकिन मुझे उसकी रिपोर्ट की विस्तृत जानकारी नहीं है और न ही मैंने इसके बारे में जानने की कोशिश की।”
उन्होंने कहा, ”मैं मुंबई गया था। मैंने घटनास्थल का दौरा किया और कॉर्डेलिया क्रूज जहाज पर भी गया। जिस तरीके से जांच की जा रही थी, उससे मैं संतुष्ट नहीं था। इसलिए हमने जांच नए सिरे से शुरू की। हमारी टीम की प्राथमिकता जांच को निष्पक्ष रखना और उपलब्ध सबूतों के आधार पर आगे बढ़ना था। सभी तथ्यों और दस्तावेजों की जांच के बाद हम इस नतीजे पर पहुंचे कि संबंधित लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करने लायक पर्याप्त सबूत नहीं थे, इसलिए उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल नहीं करने का फैसला लिया गया। जांच के अंतिम आदेश में डायरेक्टर जनरल (डीजी) ने भी कुछ संदिग्धों और आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत नहीं होने की बात स्वीकार की थी।”
संजय सिंह ने जांच में सामने आई एक अहम बात का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि आरोप था कि आर्यन का एक दोस्त उनके लिए ड्रग्स लेकर आ रहा था और आर्यन उसका सेवन करने वाले थे लेकिन दोस्त के बयान की जांच करने पर साफ हुआ कि आर्यन ने उसे ड्रग्स लाने से मना किया था। उन्होंने उसे बताया था कि एनसीबी काफी सक्रिय है। ऐसे में मोबाइल फोन जब्त करने या उसके वॉट्सऐप चैट तक पहुंचने का कोई आधार नहीं था। अगर किसी का मोबाइल फोन जब्त करना है तो इसके लिए तय कानूनी प्रक्रिया का पालन करना जरूरी है।
पूर्व एनसीबी अधिकारी ने जांच की एक और कमी का जिक्र करते हुए बताया कि मामले में एक मुखबिर को ही गवाह बना दिया गया था, जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए था। उन्होंने कहा कि एनडीपीएस (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस) एक्ट के तहत आने वाले मामलों में कानूनी प्रक्रिया का सही तरीके से पालन करना बेहद जरूरी है।











