SGSU Advertisement
Home अपराध गोवा: ई-चालान एपीके साइबर धोखाधड़ी मामले में दो गिरफ्तार, 12.69 लाख रुपए...

गोवा: ई-चालान एपीके साइबर धोखाधड़ी मामले में दो गिरफ्तार, 12.69 लाख रुपए की ठगी

0
1

पणजी, 26 नवंबर (आईएएनएस)। गोवा पुलिस ने बेंगलुरु से दो लोगों को ई-चालान एपीके धोखाधड़ी के एक ऐसे मामले में गिरफ्तार किया है, जिसमें एक व्यक्ति को 12.69 लाख रुपये का नुकसान हुआ था।

पुलिस ने इस मामले में 5.09 लाख रुपए की राशि को ‘लियन’ के तहत सुरक्षित कर लिया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद, इस रकम को शिकायतकर्ता को वापस लौटा दिया जाएगा।

गोवा साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन से जारी एक बयान के मुताबिक, धोखाधड़ी की शुरुआत तब हुई जब शिकायतकर्ता को एक संदेश मिला, जिसमें दावा किया गया था कि उसके वाहन का ई-चालान कटा है।

संदेश में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद, शिकायतकर्ता के मोबाइल फोन में एक खतरनाक एपीके फाइल डाउनलोड हो गई। इसके बाद, बिना अनुमति के वित्तीय लेनदेन किए गए, जिससे शिकायतकर्ता को 12,69,446 रुपए का नुकसान हुआ।

जांच के दौरान, साइबर क्राइम पुलिस ने धोखाधड़ी से जुड़े वित्तीय लेनदेन का पता लगाया और कर्नाटक के बेंगलुरु से दो संदिग्धों की पहचान की।

पीएसआई नवीन नाइक के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम ने 25 नवंबर को बेंगलुरु के चिक्काबनावारा से आरोपियों महबूब के. (21) और सागर कुमार आर. (22) को गिरफ्तार किया। इस टीम में पुलिस कांस्टेबल सिद्रमैया मठ, अतिश शेटकर और सुनील रेनाटी भी शामिल थे।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में 5.09 लाख रुपए (5,09,483.27 रुपए) की राशि को ‘लियन’ के तहत सुरक्षित कर लिया गया है। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए इस रकम को शिकायतकर्ता को वापस लौटाने की प्रक्रिया चल रही है।

अदालत ने आगे की जांच के लिए दोनों आरोपियों को पांच दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।

यह कार्रवाई गोवा के डीआईजी वेद प्रकाश सूर्य के मार्गदर्शन में, एसपी (साइबर क्राइम) जीवबा दलवी, एएसपी श्रीदेवी बीवी और पुलिस इंस्पेक्टर दीपक पेडनेकर की देखरेख में की गई। एसपी जीवबा दलवी ने बताया कि धोखाधड़ी के पूरे दायरे का पता लगाने और इस साइबर अपराध में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए जांच चल रही है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अनजान ई-चालान संदेशों में दिए गए लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी अनवेरिफाइड स्रोत से एपीके फाइलें डाउनलोड करें। उन्होंने लोगों को यह भी सलाह दी कि वे चालान से जुड़ी जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से ही वेरिफाई करें।