नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने विदेश मंत्रालय (एमईए), गृह मंत्रालय (एमएचए) और महाराष्ट्र पुलिस के साथ मिलकर ‘रेड नोटिस’ वाले आरोपी मोहम्मद माजिन को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत वापस लाने (डिपोर्टेशन) में सफलता हासिल की है।
सीबीआई के अनुसार, मोहम्मद माजिन महाराष्ट्र पुलिस द्वारा दर्ज एक मामले में वांछित था। उसने पीड़िता को शादी का झूठा झांसा देकर अपने जाल में फंसाया, उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और उसका शारीरिक, मानसिक तथा आर्थिक शोषण किया। इसमें उससे धोखे से 18 लाख रुपए ऐंठना भी शामिल है। इस मामले में अदालत के समक्ष चार्जशीट पहले ही दाखिल की जा चुकी है। जांच में यह भी सामने आया कि उसने इसी तरह शादी का झांसा देकर 13 अन्य महिलाओं का भी शोषण किया, उनसे पैसे लिए और उनके साथ अंतरंग पलों के वीडियो भी बनाए। इसके बाद आरोपी विदेश भाग गया था।
महाराष्ट्र पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई (एनसीबी-नई दिल्ली) ने इंटरपोल के माध्यम से आरोपी के खिलाफ ‘रेड नोटिस’ जारी करवाया। यूएई के अधिकारियों ने आरोपी की लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद यूएई के अधिकारियों ने उसे भारत वापस भेजने (डिपोर्ट करने) की अनुमति दे दी।
महाराष्ट्र पुलिस की एक टीम यूएई गई, जहां आरोपी मोहम्मद माजिन को उन्हें सौंप दिया गया। इसके बाद टीम आरोपी को लेकर शुक्रवार को कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची। महाराष्ट्र पुलिस अब आरोपी से पूछताछ करने के साथ आगे की कार्रवाई करने में जुट गई है।
बता दें कि भारत में इंटरपोल के ‘नेशनल सेंट्रल ब्यूरो’ के रूप में सीबीआई अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग को बढ़ावा देने के लिए ‘भारतपोल’ के माध्यम से देश भर की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय करती है। 2019 से अब तक इंटरपोल के जरिए 300 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया गया है। इनमें 2026 में अब तक वापस लाए गए 74 भगोड़े भी शामिल हैं।









