SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय मोहन चरण माझी ने की सीएम सुवेंदु अधिकारी की सराहना, दीघा मंदिर...

मोहन चरण माझी ने की सीएम सुवेंदु अधिकारी की सराहना, दीघा मंदिर परिसर से हटेगा ‘धाम’ शब्द

0
3

भुवनेश्‍वर, 26 नवंबर (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्‍यमंत्री मोहन चरण माझी ने दीघा मंदिर परिसर के लिए ‘जगन्नाथ धाम’ के नाम में संशोधन करने के फैसले पर पश्चिम बंगाल के मुख्‍यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की सराहना की। उन्‍होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की पिछली सरकार द्वारा दीघा मंदिर परिसर के लिए ‘जगन्नाथ धाम’ जैसे पवित्र नाम का उपयोग करने के निर्णय से दुनिया भर के जगन्नाथ भक्तों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची थी।

इस संबंध में ओडिशा के सीएम माझी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के सीएम को एक पत्र लिखा है। उन्‍होंने इस पत्र को सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म एक्‍स पर साझा भी किया।

सीएम मोहन चरण माझी ने कहा कि महाप्रभु श्री जगन्नाथ विश्व के आध्यात्मिक केंद्र हैं और करोड़ों ओडिया लोगों की आस्था, विश्वास और सांस्कृतिक पहचान के सबसे बड़े प्रतीक हैं। पश्चिम बंगाल की पिछली सरकार द्वारा दीघा मंदिर परिसर के लिए ‘जगन्नाथ धाम’ जैसे पवित्र नाम का उपयोग करने का निर्णय, ‘श्रीक्षेत्र’ (पुरी) के अद्वितीय और अतुलनीय धार्मिक महत्व की अनदेखी करता था। इस फैसले से दुनिया भर के जगन्नाथ भक्तों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची थी।

उन्‍होंने प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त करते हुए लिखा कि मुझे बहुत खुशी है कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ने अपनी पूर्व घोषणा पर अमल करते हुए दीघा मंदिर परिसर से ‘धाम’ शब्द को हटाने के निर्णय की आधिकारिक पुष्टि करवा दी है। अब इस परिसर का नाम ‘श्रीश्री जगन्नाथ सांस्कृतिक केंद्र’ और मंदिर का नाम ‘श्रीश्री जगन्नाथ मंदिर’ होगा। मैं सीएम सुवेंदु अधिकारी की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करता हूं।

उन्‍होंने कहा कि यह ऐतिहासिक निर्णय ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकारों की दृढ़ प्रतिबद्धता और रचनात्मक सहयोग से संभव हो पाया है। यह सनातन संस्कृति, परंपराओं और अनगिनत भक्तों की धार्मिक आस्था के प्रति हमारे अटूट सम्मान को दर्शाता है।

सीएम माझी ने पश्चिम बंगाल के मुख्‍यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की तारीफ करते हुए आगे लिखा कि ओडिशा की साढ़े चार करोड़ जनता की ओर से मैं मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और पश्चिम बंगाल सरकार का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह निर्णय ‘श्रीक्षेत्र’ की अद्वितीय आध्यात्मिक महिमा को सुरक्षित रखेगा और हमारे दोनों पड़ोसी राज्यों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करेगा। हमारी सरकार ओडिया पहचान और महाप्रभु श्री जगन्नाथ की महिमा को सदैव संरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है।