मुंबई, 26 नवंबर (आईएएनएस)। एनसीपी-एसपी नेता सुप्रिया सुले के बयान पर कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हमारी अपेक्षा है कि सुले इस विषय पर विचार करें और इंडी गठबंधन के सभी सहयोगी अपनी भूमिका तय कर बैठक में अपनी राय रखें। सावंत ने कहा कि चर्चा के बाद जो सामूहिक भूमिका सामने आए, उसी के अनुसार आगे बढ़ा जाए, हालांकि अभी सुले के बयान उस दिशा से कुछ अलग दिखाई दे रहे हैं। वहीं, पुणे मर्डर केस को लेकर उन्होंने महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
पुणे मर्डर केस पर कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा, कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। यह भारतीय जनता पार्टी की देन है। महाराष्ट्र, जो कभी कानून-व्यवस्था के मामले में पूरे देश में एक आदर्श राज्य माना जाता था, आज वहां सरेआम ऐसे वाकये हो रहे हैं। कुछ समय पहले थाने में भी एक कत्ल हुआ था और उसके पीछे राजनीतिक पृष्ठभूमि थी। ऐसे अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण भी मिल रहा है। इसी वजह से अन्य अपराधियों को भी लगता है कि उन्हें भी संरक्षण मिल जाएगा। इसलिए इस तरह के खुलेआम अपराध हो रहे हैं। सरकार का कोई डर नहीं रह गया है। यह सरकार पूरी तरह से विफल हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि राज्य की प्रतिष्ठा और कानून-व्यवस्था को संभालने के लिए निश्चित तौर पर कदम उठाए जाने चाहिए। बॉलीवुड में जिस तरह का भय का माहौल है और जिस तरह पुणे, मुंबई, नासिक सहित राज्य के हर क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं, उसकी हम कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। सरकार को इस बारे में जवाब देना ही चाहिए, ऐसी हमारी मांग है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि हम यह समझते हैं कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और सबसे बड़ी आबादी वाला देश है। आज तक 2014 से पहले जितने भी प्रधानमंत्री हुए, उन्होंने भारत की गरिमा, प्रतिष्ठा और शक्ति को कमजोर नहीं होने दिया।
एनसीपी-एसपी सांसद सुप्रिया सुले के बयान पर उन्होंने कहा कि हमारी अपेक्षा है कि वो इस बारे में विचार करें। इंडी गठबंधन के सभी सहयोगी इस विषय पर अपनी भूमिका तय करें। वे अपनी राय गठबंधन की बैठक में रखें। चर्चा के बाद जो सामूहिक भूमिका सामने आए, उसी के अनुसार आगे बढ़ा जाए। हालांकि अभी सुप्रिया सुले के जो बयान आ रहे हैं, वे उस दिशा से कुछ अलग दिखाई देते हैं। फिर भी हम चाहेंगे कि वे इस विषय पर इंडी गठबंधन के भीतर चर्चा करें।
एक अन्य सवाल के जवाब में कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि इस देश में जो भी विरोध करेगा, उसे आतंकवादी, राष्ट्र-विरोधी, राष्ट्र-द्रोही या दिमागी नक्सल कहा जाएगा। इस तरह की भाषा तानाशाही मानसिकता से आती है। दुनियाभर में तानाशाह अपने विरोधियों या उनसे असहमति रखने वालों को इसी तरह संबोधित करते हैं। निश्चित तौर पर यह सरकार के भीतर मौजूद तानाशाही मानसिकता का प्रतीक है। इसलिए हम कहेंगे कि यह दिमागी तानाशाही का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि इस देश में हर व्यक्ति के साथ न्याय होना चाहिए। कांग्रेस की सोच भी यही है। इसी सोच के आधार पर संविधान में न्याय, समता, बंधुता और स्वतंत्रता के मूल्यों का उल्लेख किया गया है। न्याय का रास्ता ही संविधान का रास्ता है। कोई मुसलमान हो या किसी अन्य जाति, धर्म या समुदाय का व्यक्ति, सबसे महत्वपूर्ण यह है कि वह भारत का नागरिक है। इसलिए हर भारतीय नागरिक के साथ उसकी जाति, धर्म, भाषा, संस्कृति या आर्थिक स्थिति को अलग रखते हुए न्याय होना चाहिए। यह हमारी संवैधानिक जिम्मेदारी है, जिसे मोदी सरकार भूल चुकी है।










