मुंबई, 23 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-3 ने वसई-विरार इलाके से एक 56 वर्षीय शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर खुद को स्थानीय नगरसेवक (कॉर्पोरेटर) या किसी राजनीतिक दल का शाखा अध्यक्ष बताकर लोगों को ठगने और उनकी कीमती वस्तुएं लूटने का आरोप है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ अब तक 61 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा, वह मुंबई पुलिस, मुंबई रेलवे पुलिस और नवी मुंबई पुलिस कमिश्नरेट के तहत दर्ज सात मामलों में वांछित था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लोगों को उनके इलाके में चोरी की बढ़ती घटनाओं का डर दिखाकर अपने जाल में फंसाता था। वह खुद को स्थानीय जनप्रतिनिधि या राजनीतिक पदाधिकारी बताकर लोगों का विश्वास जीतता था। इसके बाद वह उन्हें सोने के गहने और नकदी जैसी कीमती चीजें सुरक्षित रखने की सलाह देता था। आरोपी लोगों को अपनी ज्वेलरी और नकदी एक बैग में रखने के लिए कहता और इसी दौरान चालाकी से उनकी कीमती वस्तुएं लेकर फरार हो जाता था।
जांच के अनुसार, 17 नवंबर को शाम 4:45 बजे से 5:45 बजे के बीच आरोपी ने एनएम जोशी मार्ग पुलिस स्टेशन की सीमा में दो अलग-अलग स्थानों पर इसी तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। इन घटनाओं में उसने लोगों को इलाके में बढ़ती चोरियों का डर दिखाया और उनकी सोने की ज्वेलरी सुरक्षित रखने का भरोसा दिलाया। फिर धोखे से उनके कीमती सामान लेकर फरार हो गया। इन दोनों घटनाओं के संबंध में पुलिस ने अलग-अलग मामले दर्ज किए थे।
इन वारदातों के बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई। मुंबई और आसपास के इलाकों में इसी तरह के कई अन्य मामलों में भी उसकी संलिप्तता की आशंका थी। क्राइम ब्रांच यूनिट-3 की टीम ने तकनीकी इनपुट और खुफिया जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान पुलिस को आरोपी के वसई-विरार इलाके में छिपे होने की जानकारी मिली।
इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने नायगांव ईस्ट स्थित महालक्ष्मी नगर, नायगांव स्टार सिटी में कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी मूल रूप से भिवंडी का रहने वाला है और उसके खिलाफ 61 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की जांच के लिए एनएम जोशी मार्ग पुलिस स्टेशन भेज दिया गया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में हुई इसी तरह की अन्य वारदातों में उसकी भूमिका का पता लगा रही है। अधिकारियों ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी से कई अन्य अनसुलझे मामलों का खुलासा हो सकता है।









