SGSU Advertisement
Home कानून सुप्रीम कोर्ट ने बैंक फ्रॉड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में आम...

सुप्रीम कोर्ट ने बैंक फ्रॉड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में आम आदमी पार्टी नेता दीपक सिंगला को दी अंतरिम जमानत

0
1

नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। सुप्रीम कोर्ट ने 155 करोड़ रुपए के कथित बैंक फ्रॉड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) नेता दीपक सिंगला को अंतरिम जमानत दे दी। कोर्ट ने हाईकोर्ट को उनकी लंबित याचिका पर फैसला करने का निर्देश दिया और जमानत की शर्त के तौर पर पैसे जमा करने की ईडी की मांग को भी खारिज कर दिया।

यह मामला बैंक धोखाधड़ी से जुड़ी 2018 की एफआईआर और महेश टिंबर प्राइवेट लिमिटेड से संबंधित जांच से जुड़ा है। शुक्रवार को सुनवाई करते हुए भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने दीपक सिंगला को चार सप्ताह की अंतरिम जमानत दी।

सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट से यह भी अनुरोध किया कि वे सिंगला की उस लंबित याचिका पर चार सप्ताह के भीतर फैसला लें, जिसमें उन्होंने अपनी गिरफ्तारी को चुनौती दी है और जमानत की मांग की है। सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि आज दी गई यह अंतरिम राहत, हाईकोर्ट की ओर से मामले पर किए जाने वाले फैसले को प्रभावित नहीं करेगी।

ईडी ने दावा है कि इस मामले में करीब 195 करोड़ रुपए का घोटाला हुआ था। पैसे को शेल कंपनियों के जरिए इधर-उधर किया गया। एजेंसी के मुताबिक मुख्य आरोपी के खाते से दीपक सिंगला के खाते में भी रकम भेजी गई थी

ईडी ने आरोप लगाए कि महेश टिम्बर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने धोखाधड़ी करके ‘फॉरेन लेटर्स ऑफ क्रेडिट’ की राशि बढ़ाई और इन लेन-देन से प्राप्त पैसों को सिंगापुर स्थित अपनी एक सब्सिडियरी कंपनी में ट्रांसफर कर दिया। इन लेन-देन की वजह से ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स और उसके कंसोर्टियम बैंकों को 155.21 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। आरोप है कि दीपक सिंगला इन लेन-देन से जुड़ी कंपनियों में अहम प्रबंधकीय पदों पर थे।

मई में गिरफ्तारी के बाद जून में पंचकूला की एक विशेष अदालत ने उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद उन्होंने राहत के लिए पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और अंततः सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे। पिछली सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने ईडी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।