SGSU Advertisement
Home खेल तीसरा टी20: भुवनेश्वर कुमार और वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर होगी नजर

तीसरा टी20: भुवनेश्वर कुमार और वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर होगी नजर

0
7

वेलिंगटन, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी 5 टी20 मैचों की सीरीज का तीसरा मुकाबला मंगलवार को वेलिंगटन में खेला जाएगा। सीरीज में 2-0 से आगे चल रही भारतीय टीम यह मुकाबला जीतकर 3-0 की अजेय बढ़त लेने के इरादे से उतरेगी। इस मैच में भुवनेश्वर कुमार और वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर नजर रहेगी।

भारत ने पहले दो मैचों में 226 और 181 रन के लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की है। यह भारतीय बल्लेबाजी की गहराई को दिखाता है। तीसरे मुकाबले में भी बल्लेबाजों से टीम इंडिया को उम्मीद रहेगी।

सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा भी पहले दो मैचों में बड़ी पारी नहीं खेल सके हैं। अभिषेक से उम्मीद होगी कि वे इस मैच में एक अच्छी पारी खेलें। संजू सैमसन ने पहले मैच में 67 रन बनाए थे, लेकिन दूसरे मैच में महज 14 रन बना सके थे। अभिषेक शर्मा के साथ उनसे भी एक बार फिर आक्रामक शुरुआत की उम्मीद होगी। नमन धीर ने दोनों मैचों में अच्छी पारियां खेली हैं, जबकि श्रेयस अय्यर ने पहले और तिलक वर्मा ने दूसरे मैच में अच्छी पारी खेली थी। श्रेयस और तिलक तीसरे टी20 में भी अहम होंगे।

वैभव सूर्यवंशी ने क्राइस्टचर्च में खेले गए दूसरे टी20 में चोटिल ईशान किशन की जगह प्लेइंग इलेवन में जगह बनाई थी, लेकिन बल्ले से फ्लॉप रहे थे। वैभव 8 गेंदों पर 4 रन बना सके थे। ईशान तीसरे टी20 में भी नहीं खेलेंगे, ऐसे में वैभव को फिर से मौका मिल सकता है। वैभव को इस मौके का फायदा उठाना होगा।

गेंदबाजी में 4 साल बाद टीम में वापसी कर रहे तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार अब तक साधारण रहे हैं और महंगे साबित हुए हैं। इस अनुभवी पेसर ने पहले दो मैचों में आठ ओवरों में 12.37 की इकॉनमी रेट से 99 रन दिए हैं और सिर्फ एक विकेट लिया है। ये आंकड़े उनके पूरे करियर में बनाए गए स्टैंडर्ड से बहुत कम हैं। तीसरे मुकाबले में भुवी से टीम इंडिया को उनके कद के मुताबिक प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।

वेलिंगटन की पिच स्पोर्टिंग पिच रही है, 2016 से अब तक यहां खेले गए 18 टी20 मैचों में औसत स्कोर लगभग 165 रहा है। चेज करने वाली टीमों ने 10 मैच जीते हैं। इसलिए दोनों टीमें टॉस जीतने की स्थिति में बल्लेबाजी पसंद करेंगी।

मैच से एक दिन पहले वेलिंगटन में तेज हवा चलने की उम्मीद है, जिसमें 55 किमी/घंटा तक की रफ्तार से हवा चल सकती है। हवा शॉट बनाने, ऊंचे कैच लेने और गेंदबाजी प्लान पर असर डाल सकती है। थोड़ी बारिश का भी अनुमान है, लेकिन मैच शुरू होने से पहले हालात सुधरने की उम्मीद है। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 12:30 बजे से खेला जाएगा।