सीतापुर, 28 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव, गठबंधन की रणनीति और पार्टी के भीतर नेताओं के बीच जारी बयानबाजी को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने प्रदेश संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ को पद संभाले दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक संगठन के संबंध में उनसे कोई विस्तृत बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के लिए अभी तक नेताओं और कार्यकर्ताओं से पर्याप्त संवाद नहीं किया गया है।
कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष की ओर से हाल ही में फोन आया था। उन्होंने कुछ लोगों के नाम मांगे थे। संबंधित लोगों से बातचीत करने के बाद राज्य स्तर पर कुछ नाम भेज दिए जाएंगे। संगठन को लेकर अब तक किसी को व्यक्तिगत रूप से बुलाकर बातचीत किए जाने की जानकारी उन्हें नहीं है।
एआईसीसी महासचिव अविनाश पांडे को उनके पद से हटाए जाने के सवाल पर राकेश राठौर ने उनकी कार्यशैली की तारीफ की। उन्होंने कहा कि अविनाश पांडे बेहद अनुभवी नेता थे और सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते थे। उनमें अहंकार बिल्कुल नहीं था। वे प्रत्येक कार्यकर्ता की बात ध्यान से सुनते थे।
राठौर ने कहा कि कई बार वे अपनी नाराजगी भी उनके सामने जाहिर करते थे, लेकिन अविनाश पांडे मुस्कुराते हुए उनकी बातें सुनते और समाधान निकालने का प्रयास करते थे। उनके पास संगठन का अच्छा अनुभव था। उस समय बनी टीम, जिसमें अजय राय, अविनाश पांडे और उत्तर प्रदेश के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल थे, कांग्रेस को मजबूत करने के लिए पूरी ताकत से काम कर रही थी।
पार्टी के भीतर चल रही गतिविधियों और संगठनात्मक फैसलों पर प्रतिक्रिया देते हुए राठौर ने कहा कि यह पार्टी का नीतिगत निर्णय है और इस पर वह कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। उनकी एक दिन पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से बातचीत हुई थी। वेणुगोपाल ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि वह स्वयं सभी मामलों को देखेंगे और हर मुद्दे पर संज्ञान लेंगे। वेणुगोपाल की ओर से कुछ निर्देश जारी किए गए हैं।
कांग्रेस में पैसे लेकर टिकट देने के आरोपों पर पूछे गए सवाल के जवाब में राकेश राठौर ने कोई सीधा बयान देने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि इस मामले में लगातार सफाई दी जा रही है। वीडियो जारी किए जा रहे हैं और यह बताया जा रहा है कि कांग्रेस में टिकट के बदले पैसे नहीं लिए जाते। इस मामले में संबंधित लोग ही स्पष्टीकरण दे सकते हैं। वह इस पर कुछ नहीं कहना चाहते।
उत्तर प्रदेश में गठबंधन को लेकर चल रही चर्चाओं पर राकेश राठौर ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पहले गठबंधन को लेकर बड़े दावे किए जा रहे थे और 200 से अधिक सीटों की चर्चा हो रही थी, लेकिन अब मामला केवल 26 सीटों की घोषणा तक सिमटता दिखाई दे रहा है। रोजाना अलग-अलग बयान सामने आ रहे हैं और अजीब तरह की बातें कही जा रही हैं। इससे पार्टी के कार्यकर्ताओं में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे नेताओं को भी यह स्पष्ट नहीं है कि गठबंधन होगा या नहीं और आगे की रणनीति क्या होगी। इस तरह की अनिश्चितता से पार्टी को नुकसान हो रहा है।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयानों को लेकर पूछे गए सवाल पर राकेश राठौर ने उन्हें अपना साथी और भाई बताया। उन्होंने कहा कि वह पहले भी स्पष्ट कर चुके हैं कि इमरान मसूद उनके करीबी साथी हैं, इसलिए उनके किसी बयान पर टिप्पणी करना उचित नहीं समझते। इमरान मसूद उत्तर प्रदेश के बड़े नेता हैं और पूरे प्रदेश में उनका अच्छा जनसमर्थन है। ऐसे में उनके बयानों पर टिप्पणी करने से वह बचना चाहते हैं।











