लखनऊ, 28 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में युवक रिजवान पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले दो शातिर अपराधियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी दाऊद और समद चेकिंग के दौरान पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर फरार होने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस की जवाबी कार्रवाई और पीछा करने के दौरान दोनों आरोपी गिरकर चोटिल हो गए।
दरअसल, आरोपियों ने लिसाड़ी गेट क्षेत्र में रिजवान नाम के युवक पर गोलियां चलाई थीं, जिसमें एक गोली रिजवान के हाथ में लगी थी। इस मामले में दोनों आरोपी वांछित चल रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। लिसाड़ी गेट थाना पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
मामले को लेकर संग्राम सिंह (सीओ कोतवाली, मेरठ) ने बताया कि 26 नवंबर को थाना लिसाड़ी गेट के गड्ढे वाली मस्जिद के पास दाऊद और समद द्वारा फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया था। इसको लेकर थाना लिसाड़ी गेट में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था।
इस मामले में एसएसपी व एसपी सिटी के निर्देशन में स्वाट वाली लिसाड़ी गेट की टीम लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। उसी क्रम में शनिवार को सुबह लिसाड़ी गेट व स्वाट की टीम ने अंजुम पैलेस के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों की घेराबंदी की।
दोनों संदिग्ध व्यक्ति पुलिस के रोकने पर नहीं रुके तथा पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया और दोनों को दबोच लिया। इस दौरान दोनों आरोपी गिरकर घायल हो गए, जिससे दोनों को चोटें आईं।
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि इनके नाम दाऊद व समद हैं। इनके पास से एक 315 बोर का तमंचा, एक 32 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए। पुलिस द्वारा इलाज के लिए दोनों आरोपियों को अस्पताल भेज दिया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।











