SGSU Advertisement
Home राज्य नवकरणीय ऊर्जा एवं ऊर्जा भंडारण से किफायती बिजली खरीद विषय पर भोपाल...

नवकरणीय ऊर्जा एवं ऊर्जा भंडारण से किफायती बिजली खरीद विषय पर भोपाल में 22 सितंबर को एक दिवसीय वर्कशॉप का आयोजन

0
9

भोपाल/जबलपुर : 21 सितंबर/ ऑल इंडिया डिस्कॉम एसोसिएशन (AIDA) के तत्वावधान में और प्रदेश की तीनों विद्युत वितरण कंपनियों की सहभागिता से 22 सितंबर को भोपाल में नवीकरणीय ऊर्जा एवं ऊर्जा भंडारण से किफायती बिजली खरीद (Cost-Effective Power Procurement of Renewable Energy and Storage) विषय पर एक दिवसीय क्षेत्रीय वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को भोपाल में प्रातः 10 बजे वर्कशॉप का उद्घाटन करेंगे। वर्कशॉप में देश भर के 50 से अधिक डिस्कॉम्स (विद्युत वितरण कंपनियों) के प्रतिन‍िध‍ि भाग लेंगे। इस वर्कशॉप में AIDA के डायरेक्टर जनरल श्री आलोक कुमार (पूर्व विद्युत सचिव भारत सरकार) मध्य प्रदेश के प्रमुख सचिव ऊर्जा श्री मनीष सिंह, ऊर्जा सचिव श्री विशेष गढ़पाले, पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक श्री अजय गुप्‍ता, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक श्री ऋषि गर्ग, पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक श्री अनूप कुमार सिंह सहित ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञ वर्कशॉप में भाग लेंगे।

ऑल इंडिया डिस्कॉम्स एसोसिएशन (AIDA)

ऑल इंडिया डिस्कॉम्स एसोसिएशन (AIDA) का शुभारंभ 14 नवंबर 2024 को केंद्रीय विद्युत मंत्री द्वारा किया गया। यह एक गैर-लाभकारी संस्था है, जिसका उद्देश्य देश के विद्युत वितरण क्षेत्र को अधिक सशक्त, सक्षम और प्रभावी बनाना है। भारत में डिस्कॉम्स के लिए विशेष रूप से गठित इस अनूठे साझा मंच के रूप में AIDA देश की 34 करोड़ से अधिक बिजली उपभोक्ताओं की सेवा करने वाली वितरण कंपनियों की सामूहिक आवाज के रूप में कार्य करता है। यह मंच आपसी सहयोग, क्षमता निर्माण, नवाचार और नीतिगत पक्षसमर्थन के माध्यम से विद्युत वितरण क्षेत्र के प्रदर्शन और उपभोक्ता सेवा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

वर्तमान में AIDA के साथ देश की 59 डिस्कॉम्स सदस्य के रूप में जुड़ी हुई हैं। संस्था का संचालन एक कार्यकारी परिषद द्वारा किया जाता है, जिसे महासभा का मार्गदर्शन प्राप्त होता है। AIDA सचिवालय इन संस्थागत निर्णयों के क्रियान्वयन के साथ-साथ संगठन की विभिन्न गतिविधियों और पहलों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी निभाता है।

विद्युत वितरण के लिए ज्ञान और विशेषज्ञता का नया केंद्र

जून 2026 में AIDA ने इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड पॉलिसी फॉर इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन (ITPED) की स्थापना अपने समर्पित संसाधन एवं ज्ञान केंद्र के रूप में की। उत्कृष्टता केंद्र (Centre of Excellence) के रूप में परिकल्पित ITPED का उद्देश्य देश की डिस्कॉम्स को शोध, क्षमता निर्माण, तकनीकी विशेषज्ञता, नीतिगत अंतर्दृष्टि और ज्ञान-साझाकरण के माध्यम से सहयोग प्रदान करना है।

ITPED की परिकल्पना ऐसे ज्ञान एवं विशेषज्ञता केंद्र के रूप में की गई है, जो विद्युत वितरण क्षेत्र की बदलती चुनौतियों और आवश्यकताओं को समझते हुए डिस्कॉम्स को तकनीकी एवं नीतिगत समाधान उपलब्ध कराने में सहायक बने। इसके माध्यम से अनुसंधान, नवाचार और व्यावहारिक अनुभवों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देते हुए भारत के विद्युत वितरण क्षेत्र को अधिक सक्षम, आधुनिक और सुदृढ़ बनाने की दिशा में योगदान दिया जाएगा।