योजना में तीन किलोवॉट के सौर संयंत्र लगाने पर मिल रही 78 हजार रुपये की सब्सिडी
भोपाल, 27 मई। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा अपने क्षेत्रांतर्गत आने वाले भोपाल, नर्मदापुरम्, ग्वालियर एवं चंबल संभाग के 16 जिलों में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत अब तक 39 हजार 975 उपभोक्ताओं को लाभान्वित किया जा चुका है। इन उपभोक्ताओं के खातों में 311 करोड़ 64 लाख रुपये से अधिक की सब्सिडी राशि जमा कराई गई है।
कंपनी ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद विद्युत वितरण कंपनी में पंजीकृत अधिकृत वेंडर से ही सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराना अनिवार्य है। योजना का लाभ मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के माध्यम से उपभोक्ताओं को प्रदान किया जा रहा है।
गौरतलब है कि योजना के तहत एक किलोवॉट सोलर संयंत्र लगाने पर 30 हजार रुपये, दो किलोवॉट सोलर संयंत्र पर 60 हजार रुपये तथा तीन किलोवॉट या उससे अधिक क्षमता के सौर संयंत्र पर 78 हजार रुपये की सब्सिडी केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही है।
कहां करें आवेदन
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का शुभारंभ 13 फरवरी 2024 को किया गया था। योजना में शामिल होने के लिए उपभोक्ताओं को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmsuryaghar.gov.in पर आवेदन किया जा सकता है।
इसके अलावा अधिक जानकारी के लिए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की वेबसाइट portal.mpcz.in, उपाय एप, व्हाट्सएप चैटबॉट अथवा टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क किया जा सकता है।
कंपनी ने कहा है कि उपभोक्ताओं को समय पर सब्सिडी प्राप्त हो सके, इसके लिए वेंडर एवं उपभोक्ता दोनों को यह सुनिश्चित करना होगा कि बैंक खाते, आधार कार्ड एवं बिजली बिल में दर्ज नाम एक समान हों।
कंपनी के अनुसार 1 दिसंबर 2024 से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत स्थापित होने वाले सौर संयंत्रों में केवल स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। ये स्मार्ट मीटर मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा एसओआर रेट पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को सोलर वेंडर को किए जाने वाले भुगतान में लगभग 6 से 8 हजार रुपये तक की राहत मिल रही है।


