Wednesday, August 12, 2026
SGSU Advertisement
Home खबर अंतरिम बजट के एक दिन बाद सेंसेक्स 1000 अंक से अधिक चढ़ा

अंतरिम बजट के एक दिन बाद सेंसेक्स 1000 अंक से अधिक चढ़ा

0
125

नई दिल्ली, 2 फरवरी (आईएएनएस)। अंतरिम बजट 2024-25 पेश होने के एक दिन बाद शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स 1000 अंक से अधिक उछलकर 72 हजार अंक को पार कर गया। सेंसेक्स 1,124.84 अंक यानी 1.57 फीसदी की बढ़त के साथ 72,770.13 पर कारोबार कर रहा है।

पॉवरग्रिड 4 प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ शीर्ष पर है। इंफोसिस में 2 फीसदी से ज्यादा की तेजी है।

निफ्टी के टॉप गेनर में बीपीसीएल, अदानी पोर्ट्स हैं, जो 4 प्रतिशत से अधिक बढ़े हैं।

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा कि राजकोषीय घाटे को कम करने के लिए गैर-लोकलुभावन बजट बाजार के लिए सकारात्मक संकेत है।

उन्होंने कहा, “ग्रामीण आवास के लिए बड़े आवंटन से सीमेंट, स्टील, पेंट जैसे सभी निर्माण-संबंधित क्षेत्रों को लाभ होगा। बजट की एक और महत्वपूर्ण बात यह है कि शुद्ध बाजार उधारी 11.75 ट्रिलियन रुपए के निचले स्तर पर रहने के चलते बांड यील्ड में तेज गिरावट आई है। यह बैंकों के लिए फायदेमंद है।”

उन्होंने कहा कि वैश्विक संकेत बेहतर हैं। फेड के सतर्क संदेश से निराशा के बाद बाजार अमेरिकी अर्थव्यवस्था में अनुकूल रुझानों की सराहना कर रहा है।

उन्होंने कहा, “यह स्पष्ट है कि अमेरिका सॉफ्ट लैंडिंग की ओर बढ़ रहा है और दरों में कटौती हो सकती है।”

उन्होंने कहा कि डॉलर इंडेक्स में 103 तक सुधार और यूएस 10-वर्ष यील्ड में 3.88 फीसदी की गिरावट एफआईआई को बिकवाली से रोक सकती है।

उन्होंने कहा कि बाजार में निकट अवधि का जोखिम उच्च मूल्यांकन है जो कुछ नकारात्मक खबरों पर सुधार ला सकता है।

उन्होंने कहा, “निकट अवधि में अस्थिरता की संभावना है।”