लखनऊ, 20 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन की खबर से पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। सभी नेताओं ने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा प्रदेश मुख्यमंत्री के साथ खड़ा है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता का निधन हुआ है। हम सब लोग शोकाकुल हैं। भगवान से प्रार्थना करते हैं कि मुख्यमंत्री की दिवंगत माता को अपने श्री चरणों में स्थान दें और मुख्यमंत्री योगी सहित परिवार के सभी सदस्यों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। अंत्येष्टि संस्कार कल होने की बात है और हम लोग उसमें शामिल होंगे।”
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी मुख्यमंत्री की माता सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “आज हमें बहुत दुखद समाचार मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता का निधन हो गया है। हम सभी अत्यंत दुखी हैं। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वे उन्हें अपने चरणों में स्थान दें और पूरे परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। पूरा प्रदेश इस दुख की घड़ी में मुख्यमंत्री के साथ खड़ा है।”
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा, “हमें बहुत दुखद समाचार मिला। चूंकि कार्यक्रम पहले ही शुरू हो चुका था, इसलिए हमने तय किया कि सामान्य अनौपचारिक स्वागत समारोह न किया जाए। हमने शोक व्यक्त करने के लिए कुछ पल का मौन भी रखा और अब हम सभी उनके आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि देने का प्रयास कर रहे हैं।”
इस बीच मेरठ में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सोमेंद्र तोमर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन पर शोक व्यक्त किया। सर्किट हाउस में होने वाला मीडिया संवाद कार्यक्रम रद्द कर दिया गया और उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।









