एकता नगर, 20 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात में नर्मदा जिले के एकता नगर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का दीदार करने आए पर्यटकों को अब यहां रिवर टूरिज्म का भी अनुभव मिल रहा है।
गुजरात पर्यटन विभाग द्वारा यहां नर्मदा नदी पर ‘एकता क्रूज’ का संचालन किया जा रहा है। पर्यटकों के मुताबिक, क्रूज में बैठकर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को देखना और आस-पास के क्षेत्रों की प्राकृतिक सुंदरता को निहारना एक यादगार अनुभव है।
पर्यटक पराग आप्टे ने कहा कि क्रूज से नजारा काफी खूबसूरत है। बहुत सारे क्रूज में गया हूं, लेकिन यहां क्रूज से आनंद उठाना काफी अलग बात है। मुझे पता चला है कि इसमें बैठकर सरदार वल्लभभाई पटेल का स्टैच्यू भी दिखेगा तो यह काफी अच्छा होगा।
रोमेश भाउसर ने कहा कि मैं पहली बार इसमें बैठ रहा हूं। सुबह हम लोगों ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी घूम लिया है, बाकी बहुत अच्छा अनुभव रहा है।
16 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित और लगभग 360 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले इस क्रूज की क्षमता 600 पर्यटकों की है। 400 हॉर्सपावर के इंजन से चलने वाले क्रूज में बिजली की जरूरतों को पूरा करने के लिए चार डीजल जनरेटर सेट हैं। यह क्रूज आधुनिक सुरक्षा इंतजामों, फायर सेफ्टी सिस्टम के अलावा संगीत, कैटरिंग व डाइनिंग की सुविधाओं से भी लैस है। एकता क्रूज में विभिन्न कार्यक्रमों, उत्सवों, समारोहों और मनोरंजक गतिविधियों के आयोजन की भी सुविधा है।
नीरव पारितोष (एडिशनल कलेक्टर, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, एकता नगर) ने कहा कि इस क्रूज की क्षमता 600 पर्यटकों की है, जिसमें वे रिवर टूरिज्म का आनंद उठा सकते हैं। इस क्रूज में अत्याधुनिक सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, फायर सेफ्टी उपकरण और आरामदायक बैठने की व्यवस्था है। इसके अलावा, इसमें लाइव म्यूजिक व लाइव डिनर का भी एक अलग विकल्प दिया गया है।
सैलानियों की सुविधा के लिए श्रेष्ठ भारत भवन से स्टैच्यू तक एकता क्रूज के दिन में पांच फेरे चलाए जा रहे हैं, जबकि शाम को विशेष डिनर क्रूज का संचालन किया जा रहा है, जिसमें पर्यटकों के लिए डीजे, डांस और कल्चरल प्रोग्राम की भी व्यवस्था है।
एकता क्रूज के ऑपरेशन मैनेजर प्रदीप डिसूजा ने बताया कि दिन में श्रेष्ठ भारत भवन से स्टैच्यू तक क्रूज के पांच फेरे होते हैं।
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहले से ही देश-दुनिया के सबसे प्रमुख टूरिस्ट स्पॉट में शुमार है। अब एकता क्रूज के संचालन से पर्यटकों का आकर्षण और ज्यादा बढ़ गया है। कुल मिलाकर एकता क्रूज की वजह से यहां न केवल देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है बल्कि रोजगार बढ़ने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बूस्ट मिल रहा है।









