SGSU Advertisement
Home राजनीति कांग्रेस से गठबंधन न होता तो इकरा हसन सांसद नहीं बन पातींः...

कांग्रेस से गठबंधन न होता तो इकरा हसन सांसद नहीं बन पातींः असीम वकार

0
4

लखनऊ, 22 सितंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बारे में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान पर हाल ही में सपा सांसद इकरा हसन ने कहा है कि अगर उत्तर प्रदेश में कोई भाजपा को हरा सकता है, तो वह सिर्फ अखिलेश यादव हैं। कांग्रेस अकेले कुछ नहीं कर पाएगी। अगर गठबंधन बना रहता है, तो यह बहुत अच्छा होगा, अगर नहीं, तो नुकसान उनका होगा, हमारा नहीं। इकरा हसन के इस बयान पर कांग्रेस नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है।

कांग्रेस नेता असीम वकार ने कहा, “कांग्रेस के गठबंधन से इकरा हसन सांसद बनी हैं। इकरा हसन की जुबान फिसल गई या उनकी याददाश्त कमजोर हो, या उनको नहीं पता है कि राजनीति में किस तरह का बयान देना है। अगर लोकसभा चुनाव में कांग्रेस से गठबंधन न होता तो इकरा हसन लोकसभा नहीं पहुंच पातीं।”

कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा, “हो सकता है कि यह उनका (इकरा) अपना बयान हो, लेकिन हम इसे एक उदाहरण से समझ सकते हैं। जब 2024 में गठबंधन बना, तो समाजवादी पार्टी ने 36 सीटें जीतीं। उससे पहले उनका प्रदर्शन कैसा था? 2019 में समाजवादी पार्टी के पास केवल छह सांसद थे। इसलिए, राजनीति में एक और एक हमेशा दो नहीं होते; एक और एक ग्यारह भी हो सकते हैं। इसलिए, मुझे लगता है कि उन्हें अपनी समझ को सही करना चाहिए।”

कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा, “उत्तर प्रदेश में इंडी गठबंधन चुनाव लड़ रहा है। अखिलेश यादव भी इस बारे में स्पष्ट रूप से कह चुके हैं। राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी स्पष्ट रूप से कहती है कि उत्तर प्रदेश में गठबंधन चुनाव लड़ेगा। पानी में लाठी मारने से पानी अलग नहीं होता। अखिलेश यादव और राहुल गांधी के बीच में गठबंधन होगा।”

इकरा हसन के बयान पर भाजपा प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने कहा, “समाजवादी पार्टी और कांग्रेस में खींचतान काफी दिनों से चल रही है। ये लोग साथ में बैठकर सरकार बनाने का सपना देखते हैं। दोनों पार्टियों के बीच आपस में कोई नीति नहीं है। इन पार्टियों के बीच सिर्फ विवाद है।”

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अभी तक सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर कोई स्पष्ट फैसला नहीं हुआ है। इसलिए कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने अखिलेश यादव से गठबंधन को लेकर जल्द अंतिम रूप देने की बात कही है। इसके साथ ही मसूद ने कहा कि कांग्रेस के बिना अब पूरे देश में कहीं भी कोई माहौल नहीं है, तो कांग्रेस के बिना चलने की भी ना सोचें कि वे चल सकते हैं।