चंडीगढ़, 22 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक कथित एडवाइजरी को लेकर फैक्ट चेक जारी किया है। पंजाब पुलिस ने साफ किया है कि ऐसी कोई भी एडवाइजरी विभाग द्वारा जारी नहीं की गई है और वायरल मैसेज पूरी तरह फर्जी हैं।
पंजाब पुलिस के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से पोस्ट कर लिखा गया, “फैक्ट चेक। गलत एडवाइजरी। पंजाब पुलिस हेडक्वार्टर या उसके अधीन किसी भी पंजाब पुलिस के ऑफिस ने पुलिस कर्मियों को ऐसा कोई निर्देश या एडवाइजरी जारी नहीं की है जिसमें कहा गया हो कि वे ड्यूटी पर जाते या लौटते समय यूनिफॉर्म न पहनें और ड्यूटी पर आते-जाते समय आम लोगों जैसे कपड़े पहनें। सोशल मीडिया पर फैल रहे ऐसे मैसेज फर्जी हैं और उन पर ध्यान नहीं देना चाहिए।”
पुलिस ने नागरिकों और पुलिसकर्मियों दोनों से अपील की है कि वे सही जानकारी के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और वॉट्सऐप ग्रुप्स पर एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें दावा किया जा रहा था कि पंजाब पुलिस हेडक्वार्टर ने अपने कर्मियों को निर्देश दिया है कि सुरक्षा कारणों से वे ड्यूटी पर आने-जाने के दौरान वर्दी न पहनें और सादे कपड़ों में यात्रा करें। इस मैसेज के वायरल होने के बाद पुलिसकर्मियों के साथ-साथ आम लोगों में भी भ्रम की स्थिति बन गई थी।
इस भ्रम को दूर करने के लिए पंजाब पुलिस को आधिकारिक रूप से स्पष्टीकरण देना पड़ा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की फर्जी खबरें न केवल पुलिस बल के मनोबल को प्रभावित करती हैं बल्कि आम जनता में भी गलत धारणा पैदा करती हैं।
पंजाब पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सूचना को आगे शेयर करने से पहले उसकी सत्यता की जांच कर लें और केवल पुलिस के वेरिफाइड सोशल मीडिया अकाउंट्स और आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी पर ही विश्वास करें। साथ ही, पुलिस ने यह भी कहा कि फर्जी एडवाइजरी फैलाने वालों पर नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
