SGSU Advertisement
Home अपराध हजारीबाग में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़, दो बदमाश...

हजारीबाग में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़, दो बदमाश घायल

0
1

हजारीबाग, 23 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के हजारीबाग जिले में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान सोमवार को पुलिस और राहुल दुबे गैंग के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हो गई। कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डाटोखुर्द स्थित रेलवे साइडिंग के पास हुई इस मुठभेड़ में गोली लगने से दो अपराधी घायल हो गए। दोनों का संबंध राहुल दुबे गैंग से बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों शातिर शूटर हैं। घटना की पुष्टि हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने की है। घायल अपराधियों की पहचान दीप नारायण भगत और राहुल कुमार उर्फ रॉकी के रूप में हुई है। दीप नारायण भगत हजारीबाग जिले के पदमा का रहने वाला है। वहीं, राहुल कुमार उर्फ रॉकी चतरा जिले के नगवां का निवासी है।

पुलिस के अनुसार, दोनों अपराधियों के पैर में गोली लगी है। उन्हें इलाज के लिए कटकमसांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के दौरान दो अन्य अपराधी फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। बताया गया है कि हजारीबाग जिले में पिछले कुछ दिनों से राहुल दुबे गैंग के सदस्य लगातार फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। इससे इलाके में दहशत का माहौल था।

पुलिस को सूचना मिली थी कि गैंग के कुछ सदस्य कटकमसांडी रेलवे साइडिंग के पास किसी बड़ी आपराधिक वारदात की तैयारी में हैं। इसके बाद पुलिस ने इलाके में चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुलिस और अपराधियों का आमना-सामना हो गया और दोनों ओर से गोलीबारी हुई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अमन कुमार और अन्य वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे।

उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को घायल अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा मामले की आगे की जांच के निर्देश दिए। पुलिस अब फरार अपराधियों की तलाश के साथ राहुल दुबे गैंग के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है।