Friday, June 12, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन पापा दुबई रहते थे, मां ने अकेले ही उठाई परवरिश और घर...

पापा दुबई रहते थे, मां ने अकेले ही उठाई परवरिश और घर की सारी जिम्मेदारी: अमनदीप सिद्धू

0
31

मुंबई, 9 मार्च (आईएएनएस)। फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री में काम करने वाले कलाकार अक्सर अपने करियर, संघर्ष और सफलता की कहानियों को साझा करते रहते हैं, लेकिन कई बार वे अपने निजी जीवन के उन लोगों के बारे में भी खुलकर बात करते हैं, जिन्होंने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। इस कड़ी में टीवी अभिनेत्री अमनदीप सिद्धू ने भी अपने जीवन की सबसे प्रेरणादायक शख्सियत के बारे में बात की और बताया कि उनकी मां ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।

टीवी शो ‘गंगा माई की बेटियां’ में स्नेहा का किरदार निभा रहीं अमनदीप सिद्धू ने अपने बचपन और परिवार से जुड़ी कई बातें साझा कीं। उन्होंने कहा, ”मेरे जीवन में सबसे मजबूत और प्रेरणादायक महिला मेरी मां हैं। उन्होंने मुझे और मेरे दो भाई-बहनों को दिल्ली में अकेले ही पाला-पोसा, उस समय पापा काम के सिलसिले में दुबई रहते थे। ऐसे में हमारी परवरिश और घर की सारी जिम्मेदारी मां के कंधों पर ही थी।”

अमनदीप ने कहा, “दिल्ली जैसे बड़े शहर में तीन बच्चों की जिम्मेदारी उठाना किसी भी महिला के लिए आसान नहीं होता। इसके बावजूद मां ने हर परिस्थिति में हिम्मत और धैर्य के साथ परिवार को संभाला। हमारी पढ़ाई, परवरिश और भविष्य को ध्यान में रखते हुए हर फैसला लिया और हमेशा यह सुनिश्चित किया कि हमें किसी चीज की कमी महसूस न हो। उन्होंने हमें मजबूत और आत्मविश्वासी बनने की सीख दी।”

उन्होंने कहा, ”हमारे सपनों को पूरा करने के लिए मां ने कई बार अपनी इच्छाओं को पीछे रखा। उन्होंने हमेशा यह कोशिश की कि हमें वह आजादी और समर्थन मिले जिससे हम अपने सपनों का पीछा कर सकें। मां ने कभी भी हमें किसी भी काम को करने से नहीं रोका, बल्कि हर कदम पर हमारा हौसला बढ़ाया और हमें अपने फैसले खुद लेने की आजादी दी।”

अमनदीप ने कहा, “मेरी मां मेरे जीवन की सबसे मजबूत महिला हैं, और मैं उनसे बहुत प्रेरणा लेती हूं। जिस तरह उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी हमें संभाला और आगे बढ़ने का मौका दिया, वह हमेशा प्रेरणादायक रहेगा। मैं मां के इस प्यार, त्याग और मेहनत के लिए हमेशा आभारी रहूंगी।”