SGSU Advertisement
Home अपराध पुणे में अमित ठाकरे और 20-25 कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज, कॉलेज कार्यालय...

पुणे में अमित ठाकरे और 20-25 कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज, कॉलेज कार्यालय में हंगामे का आरोप

0
2

पुणे, 31 अगस्त (आईएएनएस)। महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना के अध्यक्ष अमित राज ठाकरे और उनके साथ 20 से 25 पदाधिकारियों, छात्रों और कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुणे के चतुरश्रृंगी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।

यह मामला गणेशखिंड स्थित शासकीय तंत्रनिकेतन (राजकीय पॉलिटेक्निक) में कथित रूप से बिना अनुमति प्रवेश करने, हंगामा करने और धमकी देने के आरोप में दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता डॉ. राजेंद्र काशिराम पाटील ने शिकायत में आरोप लगाया है कि 31 अगस्त को दोपहर करीब 12.30 से 1.15 बजे के बीच अमित ठाकरे अपने समर्थकों के साथ कॉलेज परिसर में पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने बिना अनुमति कॉलेज के कार्यालय में प्रवेश किया और वहां लगा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोटो निकालकर अपने साथ ले गए।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि अमित ठाकरे और उनके साथ मौजूद लोगों ने कॉलेज के अधिकारियों और कर्मचारियों को धमकाया, कार्यालय में कुछ समय तक रुके और जोर-जोर से नारे लगाकर हंगामा किया। इसके बाद डॉ. पाटील ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने अमित राज ठाकरे और 20 से 25 अज्ञात पदाधिकारियों, छात्रों व कार्यकर्ताओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 120 के तहत मामला दर्ज किया है।

चतुरश्रृंगी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक उत्तम भजनावळे ने आईएएनएस से कहा कि मामले की जांच जारी है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।